पत्थलगांव रायगढ़ रोड हुई फिर से लाल, सड़क हादसे में युवक की हुई मौके पर मौत, पत्थलगांव पुलिस जांच में जुटी
पत्थलगांव। पत्थलगांव थानाक्षेत्र में जोगपाल स्कूल के गेट के सामने स्टेट हाइवे में कल शाम एक ट्रक चालक ने लापरवाही पूर्वक चलाते हुवे सामने से आ रहे स्कूटी सवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कूटी सवार युवक का सिर बुरी तरह से फट गया जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस मौके पर पहुंच ट्रक व ट्रक चालक को हिरासत में लेकर थाने ले आई। वही मृत युवक को पत्थलगांव सिविल अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक विपिन किशोर कुजूर ग्राम बोढीकुटेन लैलूंगा थाना लैलूंगा में घर बना कर रहता था, जो अपनी स्कूटी क्रमांक CG13AB9976 में दिनांक 23-08-2026 को पत्थलगांव अपना काम से आया था। लैलूंगा घर वापसी के समय जोगपाल स्कूल के सामने सड़क पर लगभग शाम 6 से 6.30 बजे रायगढ़ की ओर से आ रही आयशर ट्रक क्रमांक AP39TQ2709 का चालक ट्रक को तेज एवं लापरवाही पूर्वक चलाकर सामने से ठोकर मार दी। इस आमने सामने टक्कर में मृतक का सिर फट गया और उसका भेजा बाहर निकल गया। इस ख़ौफ़नाक घटना में मृतक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों को इस हादसे की सूचना दी गई, परिजनों के आने के बाद सुबह शव को पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौप दिया गया। ट्रक चालक नरसु सांवत पिता लक्ष्मण सांवत निवासी कर्देहली जिला सोलापुर महाराष्ट्र को हिरासत में लिया गया है। परिजनों के शिकायत पर पत्थलगांव पुलिस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
इन दिनों रायगढ़ रोड में घटनाओं का सिलसिला लगातार जारी है, अभी हाल ही में कुछ दिनों पूर्व भी सड़क हादसे में एक बैंक कर्मी की मौत हो गई थी। आये दिन हो रहे ऐसे हादसे में शायद तेज रफ्तार ही इन हादसों की मुख्य वजह है। इस व्यस्त जिंदगी में समय को लेकर चल रहे आपाधापी में ऐसे हादसे सामने आते है। बड़े वाहन हो या छोटे वाहन समय बचाने या जल्द ही गंतब्य स्थानों तक पहुंचने अपने वाहनों की गति काफी तेज रखते है और ऐसे हादसों का शिकार हो जाते है, जिससे असमय ही इनको अपनी जिंदगी गंवानी पड़ती है। और अंत मे इसका खामियाजा परिवार एवम परिजनों को भुगतना पड़ता है।



