सरकारी स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 1 से 12वीं तक की तिमाही और अर्द्धवार्षिक परीक्षा एक समय पर
जिला स्तर पर परीक्षा समिति गठित करने के लिए सभी DEO को दिये गये निर्देश, टाइम टेबल जारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूल के छात्रों के लिए बड़ी खबर है। लोक शिक्षा संचालनालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 1 से 12वीं तक की तिमाही और अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं का एक समय पर ही टाइम टेबल जारी कर दिया है। इसके साथ ही सभी जिलों में परीक्षा संचालन और मूल्यांकन की एकरूपता सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तर पर परीक्षा समिति गठित करने के लिए सभी DEO को निर्देश दिए गए हैं।
बता दें कि देशभर में चर्चा में रहे नीट पेपर लीक और परीक्षा की गोपनीयता पर उठे सवालों के बाद अब छत्तीसगढ़ का स्कूल शिक्षा विभाग भी कोई जोखिम नहीं लेना चाहता। इसी कड़ी में लोक शिक्षण संचालनालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बड़ा फैसला लेते हुए प्रदेश के सभी सरकारी और अनुदान प्राप्त स्कूलों में कक्षा पहली से बारहवीं तक की तिमाही और छमाही परीक्षाओं के लिए एक समान समय-सारिणी जारी कर दी है।
पहले जिलों में स्थानीय स्तर पर अलग-अलग तारीखों में परीक्षाएं होती थीं, लेकिन अब सभी जिलों में एक समान तिथि पर परीक्षा होगी। परीक्षा के संचालन और प्रश्नपत्र तैयार कराने के लिए हर जिले में जिला स्तरीय परीक्षा समिति बनाई जाएगी।
कक्षा 1 से 8 तक तिमाही परीक्षा 21 से 26 सितंबर व अर्धवार्षिक परिक्षा 1 से 7 दिसम्बर तक सुबह 10 से 12.30 बजे आयोजित की जायेगी। वहीं 9 से 12 कक्षा का तिमाही परीक्षा 21 से 30 सितंबर व अर्धवार्षिक परीक्षा 1 से 11 दिसम्बर तक दोपहर 1 से 4 बजे तक आयोजित की जायेगी।
समिति विषय विशेषज्ञ शिक्षकों के सहयोग से गोपनीय प्रश्नपत्र तैयार करेगी और परीक्षा शुरू होने से दो दिन पहले विकासखंड व संकुल स्तर पर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराएगी।
लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देश के अनुसार जिला शिक्षा अधिकारी की अध्यक्षता में समिति गठित होगी। इसमें सहायक संचालक (प्रशासन), वरिष्ठ प्राचार्य, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, संकुल समन्वयक तथा प्रधान पाठक सदस्य होंगे। इस समिति की जिम्मेदारीपाठ्यक्रम के अनुसार प्रश्नपत्र तैयार कराना। प्रश्नपत्र की गुणवत्ता सुनिश्चित करना। परीक्षा से दो दिन पहले प्रश्नपत्र वितरित करना। उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कराना। प्राप्तांक और रिकॉर्ड का सुरक्षित संधारण करनी होगी।



