CSPDCL ने उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए की नई डिजिटल सेवा शुरू
प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को अब हर महीने उनका बिजली बिल मिलेगा सीधे व्हाट्सएप पर
छत्तीसगढ़ के बिजली उपभोक्ताओं को अब हर महीने उनका बिजली बिल सीधे व्हाट्सएप पर मिलेगा। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) ने उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह नई डिजिटल सेवा शुरू की है। जिसके तहत बिल पीडीएफ फॉर्मेट में भेजा जाएगा। अब उपभोक्ताओं को मीटर रीडिंग के तुरंत बाद पीडीएफ फॉर्मेट में पूरा बिल प्राप्त होगा, जिसे वे भविष्य के लिए सुरक्षित रख सकेंगे।
बिजली बिल का व्हाट्सएप संदेश छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड की आधिकारिक और वेरीफाइड आईडी से भेजा जाएगा। जिस पर ब्लू टिक रहेगा। इसके साथ ही आधिकारिक मोबाइल नंबर 942555-1912 दर्ज होगा, जिससे उपभोक्ता फर्जी मैसेज से सतर्क रह सकें। वर्तमान में प्रदेश के 65 लाख उपभोक्ताओं में से 40 लाख के मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड हैं,जिनमें से 30 लाख वाटस एप यूजर्स को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
कंपनी के अतिरिक्त महाप्रबंधक (जनसंपर्क) उमेश कुमार मिश्रा ने बताया कि उपभोक्ता 'मोर बिजली एप' के माध्यम से हिंदी, अंग्रेजी या छत्तीसगढ़ी भाषा का चयन कर सकते हैं। व्हाट्सएप संदेश में बिल के साथ एक लिंक भी होगा, जिससे एक क्लिक पर तुरंत भुगतान किया जा सकेगा। अब तक मीटर रीडर द्वारा दी जाने वाली कागजी पर्ची के खोने का डर रहता था, लेकिन पीडीएफ बिल से रिकॉर्ड रखना आसान होगा।
जिन उपभोक्ताओं का नंबर रजिस्टर्ड नहीं है, वे टोल-फ्री नंबर 1912 पर कॉल कर मोर बिजली एप के याके जरिए अपना नंबर दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपना 10 अंकों का बीपी नंबर और पिछले भुगतान की जानकारी देनी होगी। प्रबंध निदेशक भीमसिंह कंवर ने बताया कि पीडीएफ फाइल को कभी भी डाउनलोड और प्रिंट किया जा सकेगा।
यह सुरक्षित रिकॉर्ड भी होगा। इसके साथ ही मीटर रीडिंग होते ही मोबाइल पर संदेश पहुंचेगा,धोखाधड़ी से बचाव के लिए केवल अधिकृत ब्लू टिक वाली आइडी से ही भेजे जाएंगे बिल। उन्होंने उपभोक्ताओं से इस नई सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।
मीटर रीडिंग के बाद तुरंत मिलेगा पूरा बिल
कंपनी के अनुसार, जैसे ही मीटर रीडिंग दर्ज होगी, उपभोक्ता को व्हाट्सएप पर पूरा डिटेल बिल पीडीएफ के रूप में मिल जाएगा। यह सुविधा हिंदी, छत्तीसगढ़ी और अंग्रेजी भाषा में उपलब्ध होगी। जिसके लिए उपभोक्ता मोर बिजली एप में लैंग्वेज प्रिफरेंस चुन सकते हैं।




