सीएम साय के कार्यक्रम में कांग्रेस का हंगामा, प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने थाना पहुंचाया
पूर्व आबंटित टीएसएस की जमीन को प्रशासन को गुमराह कर भाजपा कार्यालय के नाम कराने का प्रयास
भाजपा नेताओं पर जमीन दलाली और आदिवासियों की जमीन पर कब्जा कराने के लगाये गम्भीर आरोप
पत्थलगांव। पत्थलगांव में आदिवासियों और किसानों की जमीन को लेकर राजनीतिक माहौल उस समय गरमा गया, जब पत्थलगांव में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रवास के दौरान सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए भाजपा नेताओं पर जमीन दलाली और आदिवासियों की जमीन पर कब्जा कराने के गंभीर आरोप लगाए।
कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपने रैली के रूप में कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन कार्यक्रम स्थल से पहले ही पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान कांग्रेसियों ने जमकर नारेबाजी करते हुए भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं का आरोप था कि पत्थलगांव क्षेत्र में जमीन दलालों की मदद से आदिवासियों की जमीन गैर आदिवासियों को दिलाई जा रही है। साथ ही किसानों के हित में वर्षों पहले आबंटित टीएसएस की जमीन को प्रशासन को गुमराह कर भाजपा कार्यालय के नाम कराने का प्रयास किया गया है। एक तरफ भाजपा के शीर्ष नेता अपने आप को किसानों की हितैशी बताती है और दूसरी ओर इन्ही की जमीन पर अपना हक डाल रही।
प्रदेश कांग्रेस महामंत्री आरती सिंह ने कहा कि आदिवासियों के साथ अन्याय किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल ने भाजपा शासन में आदिवासी और किसान वर्ग के शोषण का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा से जुड़े कुछ लोग जमीन दलाली में संलिप्त होकर अपने खास व्यवसायियों के नाम बेनामी संपत्ति अर्जित कराने में लगे हुए हैं।
मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने की मांग पर अड़े कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एसडीएम ने ज्ञापन लिया। इसके बाद पुलिस ने सभी कांग्रेसियों को अपनी गाड़ियों में बैठाकर थाना ले गई।
इस प्रदर्शन में महेंद्र अग्रवाल, रत्ना पैंकरा, मनोज तिवारी, यूंका जिलाध्यक्ष अजीत साय, कार्यकारी जिलाध्यक्ष संजय पाठक, मनोज सागर यादव, हरगोविंद अग्रवाल, सुकृत सिंह, कुलविंदर भाटिया, कांसाबेल ब्लॉक अध्यक्ष अभिमन्यु सिदार, मयंक रोहिला, डिस्को सारथी, शैलेश शर्मा, पूनम अंबस्थ, हंसराज ,अंकित शर्मा, मोहनीश साहू, धर्मेंद्र साहू, निशामुद्दीन खान, जनार्दन पंकज, प्रवीण शर्मा, अशोक गुप्ता, खिरोधर, महेश, श्रवण सिंह, विजय तिर्की, रीना खाखा, समीर कुजूर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।





