जशपुर जिले के बगीचा थानाक्षेत्र में भगवान श्री गणेश की प्रतिमा विसर्जन के लिए निकली शोभा यात्रा में घुसी अनियंत्रित बोलेरो
हादसे में 3 की मौके पर हुई मौत, 20 से ज्यादा घायल, चालक की हुई जमकर पिटाई, गम्भीर घायल अम्बिकापुर रेफर
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में भगवान श्री गणेश की प्रतिमा विसर्जन के लिए निकली शोभा यात्रा में एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित हो कर भीड़ में घुस गई। जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और 22 से अधिक लोग घायल हुए हैं। यह घटना बगीचा थाना क्षेत्र के जुरुडांड गाँव में रात करीब 10:30 बजे हुई, जब एक बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर तालाब की ओर जा रहे श्रद्धालुओं पर चढ़ गई। हादसे के बाद लोगों में चीख़ पुकार मच गई।
वर्ष 2021 में जिले के पत्थलगांव में ऐसी ही एक भीषण दुर्घटना हुई थी। 15 अक्टूबर को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन शोभा यात्रा में गांजा से भरी एक चार पहिया वाहन अनियंत्रित हो कर भीड़ में घुस गईं थी। इस घटना में एक श्रद्धालु की मौत हो गईं थी और दर्जन भर घायल हो गए थे।
इस समय चल रहे गणेश चतुर्थी के अवसर पर गांव सहित अन्य स्थानों में विसर्जन कार्यक्रम चल रहा है। इस विसर्जन यात्रा मे महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शामिल थे। चराईडांड बगीचा स्टेट हाइवे पर मंगलवार की रात लगभग साढ़े 10 बजे भगवान गणपती की प्रतिमा विसर्जन के लिए शोभा यात्रा निकली थी। सभी डीजे की धुन में नाचते गाते जा रहे थे। इसी दौरान रायकेरा की ओर से आ रही बोलेरो क्रमांक सीजी 15 सीआर 1429 अनियंत्रित हो कर शोभा यात्रा में घुस गईं।
दुर्घटना में वाहन की चपेट में आने से अरविंद करकेट्टा 19 वर्ष, विपिन प्रजापति 17 वर्ष और खिरोवती यादव 32 वर्ष की घटना स्थल पर ही मौत हो गईं। दुर्घटना में 20 लोग घायल हुए है। इन्हे उपचार के लिए बगीचा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पर कलेक्टर रोहित व्यास और एसएसपी शशि मोहन बगीचा पहुंचे और घायलो के उपचार की जानकारी ली। घटना के बाद भीड़ ने वाहन चालक सुख सागर वैष्णव उम्र 40 निवासी कुदमुरा बगीचा को पकड़ कर उसकी जम कर पिटाई कर दी। जिससे वह घायल हो गया है। उसे भी इलाज के लिए भर्ती किया गया है।
दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए 18 ग्रामीणों को उपचार के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है। इनमे वाहन चालक सुख सागर भी शामिल है। घटना के बाद भीड़ द्वारा की गईं पिटाई में सुख सागर को गंभीर चोटे आई है। कड़ी सुरक्षा के बीच मृतकों का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। गांव में स्थिति अभी तक सामान्य बनी हुई है।





