भारतीय निर्वाचन आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण ( SIR ) के समापन के बाद की फाइनल वोटर लिस्ट जारी

Breaking Posts

6/trending/recent
Type Here to Get Search Results !

भारतीय निर्वाचन आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण ( SIR ) के समापन के बाद की फाइनल वोटर लिस्ट जारी

भारतीय निर्वाचन आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण ( SIR ) के समापन के बाद की फाइनल वोटर लिस्ट जारी

कुल 2,499,823 नाम फाइनल मतदाता सूची से बाहर, यशवंत कुमार ने प्रक्रिया में सहयोग के लिए नागरिकों का जताया आभार





भारतीय निर्वाचन आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण ( SIR ) के समापन के बाद शनिवार को छत्तीसगढ़ की फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी है। इस अभियान के दौरान बड़ी संख्या में फर्जी, दोहराव और संदिग्ध नाम हटाए गए। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने बताया कि 2,34,994 मतदाताओं की वृद्धि के बाद राज्य में अब कुल 1,87,30,914 पंजीकृत मतदाता हैं। चुनाव आयोग के अनुसार, ड्राफ्ट सूची से पहले 2,12,30,737 मतदाता थे। एसआईआर प्रक्रिया के बाद आई ड्राफ्ट सूची में यह संख्या घटकर 1,84,95,920 हुई। वोटर लिस्ट के फाइनल प्रकाशन के बाद राज्य में कुल 1,87,30,914 मतदाता हैं। कुल 2,499,823 नाम फाइनल मतदाता सूची से बाहर किए गए हैं। उन्होंने इस प्रक्रिया में सहयोग के लिए नागरिकों का आभार जताया।

चुनाव आयोग ने आधिकारिक बयान में कहा कि एसआईआर की घोषणा के बाद से ही राज्य भर के 2,12,30,737 मतदाताओं को गणना फॉर्म के वितरण से लेकर भरे हुए गणना पत्रकों का डिजिटलीकरण का कार्य 'मिशन मोड' पर किया गया। इस दौरान जो गणना फॉर्म मृत मतदाता, स्थायी स्थानांतरण या अनुपस्थिति के कारण वापस नहीं मिले, उनकी पुष्टि के लिए बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) के बीच बैठकें आयोजित की गईं।

निर्वाचन विभाग के अनुसार, इस अभियान से मतदाता सूची अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनी है, जिससे आगामी चुनावों में निष्पक्षता सुनिश्चित होगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सूची के शुद्धिकरण की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी, ताकि हर पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार मिल सके और फर्जी नामों पर रोक लगे।

आयोग के अनुसार, 27,196 बीएलओ ने घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित किए और मतदाताओं के मिलान और मैपिंग का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के दौरान मतदाताओं से प्राप्त नवीनतम फोटोग्राफ भी अंतिम मतदाता सूची में प्रकाशित की गई। एसआईआर का कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए 33 जिला निर्वाचन अधिकारियों, 90 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, 1990 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, 27,196 बूथ लेवल अधिकारियों और 38,846 बूथ लेवल एजेंटों सहित कई स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी रही। राज्य के मतदाताओं का सक्रिय सहयोग प्राप्त हुआ।

निर्वाचन आयोग ने सभी राजनीतिक दलों के साथ भी फाइनल मतदाता सूची की प्रति शेयर की है। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवन्त कुमार ने बताया कि एसआईआर कार्यक्रम के दौरान नागरिकों से प्राप्त नवीनतम फोटोग्राफ भी अंतिम मतदाता सूची में प्रकाशित की गई। उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया में शामिल रहे सभी कर्मचारियों को बधाई भी दी।

ऑनलाइन देख सकते हैं नाम
फाइनल वोटर लिस्ट का प्रकाशन सभी मतदान केंद्रों और निर्धारित स्थानों पर किया गया है। इसके अलावा यह सूची मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। वोटर यहां जाकर भी अपना नाम देख सकते हैं।

नाम जुड़वाने या सुधार की प्रक्रिया

यदि किसी व्यक्ति का नाम अंतिम सूची में नहीं है, तो वह फॉर्म-6 के जरिए घोषणा पत्र और आवश्यक दस्तावेज संलग्न कर ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन कर सकता है। वहीं, सूची में दर्ज जानकारी में त्रुटि होने पर फॉर्म-8 भरकर सुधार के लिए आवेदन किया जा सकता है।


Top Post Ad


 

Below Post Ad

Ads Bottom