जशपुर जिले के सीमावर्ती गांव तुमला क्षेत्र से ओडिशा धान रोपने गये महिला मजदूरों पर आई आकाशीय आफत
खेत मे धान रोप रहे 2 महिला मजदूरों की आकाशीय बिजली गिरने से मौके पर मौत, 20 से अधिक घायल
ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में बड़ा हादसा हो गया। यहां धान की रोपाई कर रही जशपुर जिले की दो महिला मजदूरों की आकाशीय बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 20 से अधिक मजदूर घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए सबडेगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया है। घायलों में तीन महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, जशपुर जिले के तुमला थाना क्षेत्र के बरडीह और आसपास के गांवों से ये महिला मजदूर धान की रोपाई के लिए ओडिशा गई थीं। मंगलवार को महिलाएं खेत में धान के पौधों की रोपाई कर रही थीं, तभी अचानक मौसम बदला और बारिश के साथ तेज गरज-चमक शुरू हो गई। इसी दौरान खेत में आकाशीय बिजली गिर गई। वज्रपात की चपेट में आने से चंपा तिर्की (28) और सुशीला तिर्की (26) नामक दो महिला मजदूर मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ीं। अचानक हुए हादसे के बाद खेत में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद मजदूरों और ग्रामीणों ने घायलों को संभाला और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। यह घटना सुंदरगढ़ जिले के तलसरा थाना क्षेत्र के बालिशंकरा स्थित भाटीपाड़ा में हुई।
बताते चलें कि इन दिनों धान की रोपाई का सीजन चल रहा है। इसके चलते ओडिशा के सीमावर्ती गांवों से रोजाना बड़ी संख्या में मजदूर ओडिशा की ओर जा रहे हैं। खासकर तुमला और तपकरा थाना क्षेत्र के सीमावर्ती गांवों से मजदूर समूह बनाकर ओडिशा के अलग-अलग इलाकों में काम करने पहुंचते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, मजदूरों को खेतों तक पहुंचाने के लिए रोजाना करीब 10 से 15 पिकअप वाहन सीमावर्ती गांवों से ओडिशा की ओर जाते हैं।
दिनभर खेतों में काम करने के बाद वापस अपने गांव लौटते हैं। धान की रोपाई के सीजन में सीमावर्ती क्षेत्रों से मजदूरों की ओडिशा आवाजाही बढ़ जाती है। हालांकि, बारिश के मौसम में खेतों में काम करने वाले मजदूरों के लिए आकाशीय बिजली का खतरा बना रहता है। मौसम अचानक खराब होने पर खुले खेतों में काम करना जोखिम भरा हो सकता है।
ऐसे में बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले खेतों में काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। मौसम खराब होने की स्थिति में खेत से सुरक्षित स्थान पर जाना और आकाशीय बिजली से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां अपनाना बेहद महत्वपूर्ण है।




