नमाज अदा करने के पश्चात सभी एक दूसरे से गले मिलकर दी ईद की मुबारकबाद, बच्चों, बूढे सभी वर्गों में दिखा ईद पर्व को लेकर उत्साह
विवेक तिवारी सीजीनमन न्यूज़ पत्थलगांव
पत्थलगांव। पत्थलगांव में आपसी भाईचारे व सामाजिक सौहार्द के माहौल में एखलास व एहतराम के साथ शनिवार को ईद का त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया। ईद की नमाज अदा कर लोगों ने एक दूसरे को गले लगाकर बधाई दी। मौलाना मोहम्मद नसीर आलम ने ईद की नमाज पढ़ाई एवम पूरे देशवासियों की अमन चैन के लिए दुआ मांगी। एक महीने की इबादत के बाद ईद पर सुबह से ही ईदगाह में रौनक दिखी, सुबह से ही लोग नए-नए कपड़े पहनकर मस्जिद की ओर नमाज अदा करने के लिए पहुंचने लगे थे। इस दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से भी कड़ी सुरक्षा की व्यवस्था की गई थी।
देश मे शुक्रवार की शाम को ईद का चांद नजर आया, इसी के साथ अब शनिवार (22 अप्रैल) को ईद मनाई गई। रमजान का पाक माह पूरा होने के बाद इस्लामिक कैलेंडर के शव्वाल महीने के पहले दिन ईद मनाई जाती है। दुनियाभर का मुस्लिम समुदाय इस पाक महीने में रोजा रखता हैं और पूरे महीने अल्लाह की इबादत की जाती है। ईद से एक दिन पहले रोजेदारों सहित अन्य लोगों ने अलविदा की नमाज पढ़ी, हदीस शरीफ में जिक्र है कि हज़रत आदम अलैहिस्सलाम को जुमे के रोज ही जन्नत से दुनिया में भेजा गया था, कहा जाता है कि जुमे के दिन ही वो जन्नत वापस लौटे थे, इसलिए मान्यता है कि जुमे की नमाज अदा करने से गुनाहों से पीछा छूट जाता है, जुमे की एक नमाज अदा करना 40 नमाज अदा करने का सवाब देता है। इस दौरान मुस्लिम समुदाय के लोग काफी संख्या में शरीख होकर नमाज अदा कर लोगों से गले मिल एक दूसरे को बधाई एवं खुशियां मनाते नजर आये।