बिना तैयारी के प्लास्टिक की बोतलों में शराब बेचने के निर्णय से प्रदेश के सभी जिलों में शराब की सप्लाई बाधित
डेड लाईन बढ़ा 1 जून 2026 से राज्य में केवल प्लास्टिक की बोतलों में ही शराब की बिक्री अनिवार्य
रायपुर। बिना तैयारी के आबकारी विभाग द्वारा प्लास्टिक की बोतलों में शराब बेचने के निर्णय से प्रदेश के सभी जिलों में शराब की सप्लाई चेन बाधित हो गई है।
बीते 15-20 दिनों में विभाग को देसी और अंग्रेजी की चीप रेंज (किफायती श्रेणी) की शराब से करीब 500 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। किसी भी जिले में मांग के अनुरूप आपूर्ति नहीं हो पा रही है, जिसके चलते अंग्रेजी की महंगी शराब और बीयर की मांग में 50 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
कांच की बोतलों में बॉटलिंग करने वाले कुछ पक्ष कोर्ट चले गए, वहीं अचानक बड़े पैमाने पर प्लास्टिक बोतलों की व्यवस्था करना भी एक बड़ी चुनौती बन गया। इसके बाद आनन-फानन में विभाग को 31 मई तक फिर से कांच की बोतलों में बॉटलिंग का आदेश जारी करना पड़ा।
इस प्रक्रिया में डिस्टिलरियों में करीब 10 दिनों तक उत्पादन और बॉटलिंग का काम ठप रहा। इस दौरान दुकानों में मौजूद पुराना स्टॉक बिक गया। 10 अप्रैल से उत्पादन तो शुरू हुआ, लेकिन वह वर्तमान मांग की तुलना में अपर्याप्त है। दुकानों को खपत की केवल एक-तिहाई शराब मिल पा रही है, जो शुरुआती कुछ घंटों में ही खत्म हो जाती है।
चार महीने पहले कैबिनेट की मंजूरी प्लास्टिक बोतलों में शराब बेचने के निर्णय को चार महीने पहले ही कैबिनेट से मंजूरी मिल गई थी। हालांकि, पिछली सरकार के दौरान डिस्टिलर्स और बॉटलर्स के विरोध के बाद यह निर्णय वापस लेना पड़ा था। इसके अलावा, पीईटी प्लास्टिक से पर्यावरण को नुकसान पहुंचने जैसी अफवाहें भी फैलाई गईं। विभाग ने सीधे 1 अप्रैल को आदेश जारी कर दिया।
रोज 70 करोड़ की देसी व किफायती अंग्रेजी शराब की खपत प्रदेश की 800 से ज्यादा दुकानों में रोजाना लगभग 45 करोड़ की देसी और 25 करोड़ रुपए की किफायती श्रेणी की अंग्रेजी शराब बेची जाती है। वर्तमान में सप्लाई कम होने से शासन को प्रतिदिन 40 से 50 करोड़ रुपए का राजस्व नुकसान हो रहा है। यह नुकसान ऐसे पीक टाइम पर हो रहा है जब शादियों के सीजन के कारण मांग सबसे ज्यादा रहती है।
रॉ-मटेरियल के दाम 40 से 70% तक बढ़े: ईरान-अमेरिका युद्ध के कारण प्लास्टिक निर्माण के कच्चे माल (रॉ-मटेरियल) की कीमतें अचानक बढ़ गई हैं। पॉलीमर की कीमतों में 40% से 60% और नैफ्था की कीमतों में महज दो हफ्तों के भीतर लगभग 70% का रिकॉर्ड उछाल आया है। पीवीसी और पॉलीथीन जैसी प्रमुख श्रेणियों के प्लास्टिक रॉ-मटेरियल में भी 30% से 50% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
प्लास्टिक बोतल उद्योगों में सेटअप तैयार नहीं: एक अधिकारी के अनुसार शराब की बॉटलिंग के लिए भारी मात्रा में प्लास्टिक बोतलों की आपूर्ति फिलहाल अन्य उद्योगों के लिए संभव नहीं है। ऐसे में डिस्टिलर्स और बॉटलर्स खुद प्लांट लगाने की तैयारी कर रहे हैं। प्रत्येक बॉटलर 7 से 8 करोड़ का सेटअप तैयार कर रहा है, जिसमें समय लग रहा है। अनुमान है कि व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त होने में समय लगेगा।



