बागबहार मंडल में उत्साहपूर्वक मनाया गया 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
बागबहार, 21 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बागबहार मंडल में गायत्री मंदिर प्रांगण बागबहार में योगाभ्यास एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं नागरिकों ने भाग लेकर नियमित योग करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक योगाभ्यास से हुई, जिसमें प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। योगाभ्यास के पश्चात उपस्थित जन समूह को जिला उपाध्यक्ष आनंद शर्मा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा को स्वस्थ एवं संतुलित रखने का सर्वोत्तम माध्यम है।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाने तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित एवं स्वस्थ भारत की कामना के साथ किया गया।
बागबहार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि नियमित योग से व्यक्ति शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहता है और एक सशक्त राष्ट्र के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती धनियारों परहा जी, जिला उपाध्यक्ष किसान मोर्चा चंद्र चूर्ण सिंह, जिला उपाध्यक्ष ओबीसी मोर्चा अनूप गुप्ता वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता रवि परहा , महिला मोर्चा जिला मंत्री श्रीमती पद्मनी परहा , मंडल अध्यक्ष श्रीमती मीना चौहान, मंडल महामंत्री सुरेश जायसवाल , मंडल अध्यक्ष ओबीसी मोर्चा संतोष सोनी, और भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी शामिल थे।




