छत्तीसगढ़ में चर्चित महादेव सट्टा ऐप के तार अब बलरामपुर पुलिस से जुड़े, हुवा वीडियो वायरल, विभाग में मचा हड़कंप
आईजी दीपक कुमार झा ने एसपी को दिये जांच के आदेश
सट्टा क्यों जारी है? किसका संरक्षण है? विष्णुदेव साय का या अमित शाह का? कहां है ईडी? कहां है सीबीआई?:- भूपेश बघेल
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में महादेव सट्टा एप को लेकर एक बार फिर से सियासत तेज हो गई है। चर्चित महादेव सट्टा ऐप के तार अब बलरामपुर पुलिस से जुड़ गए हैं। इस मामले में एक नया मोड़ तब सामने आया जब सत्तीपारा निवासी सत्यम केसरी ने अपने सोशल मीडिया में एक वीडियो पोस्ट कर पुलिसकर्मी पर बड़ा आरोप लगाया। वीडियो में युवक ने आरोप लगाया है कि कोतवाली थाना क्षेत्र में अवैध सट्टा कारोबार चल रहा है। युवक ने आरक्षक प्रवीण सिंह पर सट्टा संचालन का आरोप लगाया है। जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वीडियो वायरल होने के बाद आईजी दीपक कुमार झा ने एसपी को जांच के आदेश दिए हैं।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद कॉन्स्टेबल प्रवीण सिंह ने खुद को गंभीर रूप से बीमार बताकर बलरामपुर हॉस्पिटल से अंबिकापुर रेफर करा लिया है। जहां उसका इलाज चल रहा है। कॉन्स्टेबल ने किस बीमारी की बात कही है, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
जिस आरक्षक प्रवीण सिंह पर महादेव सट्टा ऐप चलाने का आरोप है, उसके खिलाफ पहले भी कई शिकायतें हुई थीं। साल 2020 से साल 2023 तक प्रवीण सिंह अंबिकापुर के गांधीनगर थाने में पोस्टेड था। उसके खिलाफ 6 से ज्यादा शिकायतें दर्ज की गई थी।
आरक्षक पर जमीन पर कब्जे की कोशिश, धमकी और अवैध वसूली के आरोप लगे थे। लगातार शिकायतों के बाद आरक्षक प्रवीण सिंह का सरगुजा आईजी ने बलरामपुर में ट्रांसफर कर दिया था। प्रवीण सिंह वर्तमान में बलरामपुर जिले में पोस्टेड है।
वीडियो में युवक यह दावा कर रहा है कि प्रवीण सिंह गाढ़ाघाट क्षेत्र में सट्टा कारोबार चला रहा था। वायरल चैट्स में वह अमित मिश्रा उर्फ पहलू से इलाज के नाम पर रुपये की मांग करता दिख रहा है। इतना ही नहीं आरक्षक प्रवीण सिंह पर कई अन्य शिकायतें भी सामने आई हैं, जिनमें लोगों को झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर अवैध वसूली करने का आरोप है। शिकायतें एसपी कार्यालय सहित थाने में दी गई हैं।
सत्यम ने दावा किया है कि महज एक महीने में आरक्षक प्रवीण सिंह को करीब 48 लाख रुपए का मुनाफा हुआ। जब सत्यम ने डरकर काम छोड़ने को कहा तो आरक्षण प्रवीण सिंह ने उसे धमकी दी अगर काम नहीं करोगे तो उठवा दूंगा, फंसा दूंगा। जिस कारण हमें काम करना पड़ा।
वीडियो सामने आने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल हमलावर हो गए हैं। उन्होंने इस वीडियो को शेयर कर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने पूछा है कि अब ईडी और सीबीआई कहां है। भूपेश बघेल ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर ट्वीट करते हुए पूछा "महादेव सट्टा जारी है। क्यों जारी है? किसका संरक्षण है? विष्णुदेव साय का या अमित शाह का? कहां है ईडी? कहां है सीबीआई?" इस ट्वीट के बाद प्रकरण ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है।
वायरल वीडियो होने के बाद IG दीपक कुमार झा ने संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि सरगुजा एसपी को जांच और कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं। वर्तमान में आरक्षक बलरामपुर जिले में पदस्थ है।
एक वीडियो सामने आया है। इसकी जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर रहे हैं। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। -राजेश अग्रवाल, एसएसपी, सरगुजा




