करीब 6 साल बाद छत्तीसगढ़ स्टेट बार काउंसिल का चुनाव आज, 25 सीटों के लिए 105 प्रत्याशी चुनाव मैदान में आजमा रहे अपना भाग्य
हर मतदाता को कम से कम 5 उम्मीदवारों को वरीयता क्रम में वोट देना अनिवार्य
कोरोना काल के करीब 6 साल बाद छत्तीसगढ़ स्टेट बार काउंसिल का चुनाव आज होने जा रहा है। छत्तीसगढ़ स्टेट बार काउंसिल के 25 मेंबर्स के लिए प्रदेश के तकरीबन 24 हजार अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। ये अधिवक्ता स्टेट बार काउंसिल से इनरोल्ड हैं। 25 सीटों के लिए 105 प्रत्याशी चुनाव मैदान में अपना भाग्य आजमा रहे हैं। स्टेट बार काउंसिल के चुनाव को लेकर उम्मीदवारों के साथ ही अधिवक्ताओं और प्रत्याशियों के समर्थकों व साथियों में उत्साह देखा जा रहा है।
वोटिंग में हर मतदाता को 5 वरीयता देना अनिवार्य होगा। बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने चुनाव में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए एक सुपरवाइजरी कमेटी बनाई है। जिसमें रिटायर्ड जस्टिस चंद्रभूषण बाजपेयी को जिम्मेदारी दी गई है।
30 सितंबर को मतदान की तिथि तय की गई है। बिलासपुर हाई कोर्ट के दशहरा अवकाश लग गया है। लिहाजा हाई कोर्ट के प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ताओं के घरों में उम्मीदवार संपर्क कर रहे हैं। जिला कोर्ट का दौर कर रहे हैं और बार में साथी अधिवक्ताओं से मिलकर अपनी बात रख रहे हैं और अपने पक्ष में वोट करने की अपील भी कर रहे हैं। स्टेट बार काउंसिल चुनाव को लेकर प्रदेशभर में सरगर्मी देखी जा रही है।
बता दें कि साल 2019 में तत्कालीन स्टेट बार काउंसिल भंग हो गई थी, जिसके बाद से एक अंतरिम समिति परिषद का संचालन कर रही थी। बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने इस बार के चुनाव नियमों में कुछ बदलाव किया है। हर मतदाता को कम से कम 5 उम्मीदवारों को वरीयता क्रम में वोट देना अनिवार्य होगा।
छत्तीसगढ़ स्टेट बार काउंसिल का चुनाव आज 30 सितंबर को होगा। प्रदेशभर के अधिवक्ता अपने कार्यस्थल पर दिन में सुबह 9 से 5 बजे के मध्य मतदान कर सकेंगे। इसके लिए मतदान स्थल भी तय कर दिया गया है। छत्तीसगढ़ के सभी जिला एवं सत्र न्यायालय,सिविल कोर्ट में मतदान केंद्र की स्थापना की गई है। प्रत्येक मतदान केंद्र में जिला एवं सत्र न्यायाधीश या न्यायिक मजिस्ट्रेट पीठासीन अधिकारी होंगे। इनकी अगुवाई में ही मतदान प्रक्रिया पूरी की जाएगी। बिलासपुर हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के सदस्य मतदाताओं के लिए जिला कोर्ट परिसर में अलग से मतदान केंद्र का गठन किया गया है। मतदान के बाद मतपेटियां छत्तीसगढ़ स्टेट बार काउंसिल कार्यालय में बनाए गए स्ट्रांग रूम में रखे जाएंगे। इसकी सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम किया गया है। मतों की गणना निर्धारित तारीख पर होगी। बताया जा रहा है रायपुर और बिलासपुर में लगभग 5-5 हजार, दुर्ग में 3 हजार और राजनांदगांव में 2 हजार अधिवक्ता मतदान करेंगे।



