मुख्य आरोपी को पकडने जाना था ट्रेन से, पहुँचे हवाई मार्ग से, गिरफ्तारी कर लौटे, अब शिकायत पर खर्च को लेकर IG गर्ग ने लिया एक्शन
कटघोरा थाना प्रभारी TI मोती पटेल समेत 8 पुलिसकर्मियों को IG ने किया तत्काल प्रभाव से निलंबित
बिलासपुर। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) रामगोपाल गर्ग ने पुलिस विभाग में वित्तीय अनियमितता और पद के दुरुपयोग के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। कटघोरा थाना प्रभारी निरीक्षक मोती पटेल समेत 8 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामला एक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए हरियाणा के गुरुग्राम गई पुलिस टीम की यात्रा और उसके खर्च से जुड़ा है।
ट्रेन की जगह फ्लाइट से गुरुग्राम गई टीम
जानकारी के अनुसार, कटघोरा थाना अंतर्गत जेसीबी वाहन एजेंसी संचालक से करीब 50 करोड़ रुपए की ठगी हुई थी। एजेंसी संचालक की रिपोर्ट पर कटघोरा थाना में केस दर्ज था। मामले में मुख्य आरोपी फरार था। पुलिस पतासाजी कर रही थी। साइबर थाना की टीम की मदद से आरोपी का मोबाइल लोकेशन ट्रेस किया जा रहा था। दिल्ली में आरोपी के होने की पुख्ता जानकारी मिली। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को हरियाणा के गुरुग्राम भेजने के निर्देश दिए गए थे। बताया गया कि पुलिस टीम को निर्धारित प्रक्रिया के तहत ट्रेन से गुरुग्राम जाना था, लेकिन आरोप है कि नियमों को दरकिनार कर 8 सदस्यीय टीम फ्लाइट से गुरुग्राम पहुंची। इस यात्रा को लेकर शिकायत तब गंभीर हो गई, जब आरोप लगा कि पुलिस टीम के हवाई टिकट का खर्च मामले के प्रार्थी यानी पीड़ित से लिया गया।
टीम में विवेचना अधिकारी राम पांडेय, आरक्षक प्रदीप राठौर, प्रधान आरक्षक गोपाल यादव, प्रधान आरक्षक राजेश कंवर, साइबर थाना के प्रधान आरक्षक गुनाराम सिन्हा व सुशील यादव समेत लाइन में पदस्थ आरक्षक प्रशांत सिंह शामिल थे। टीम ने बिना अधिकारियों से अनुमति लिए रायपुर से दिल्ली का सफर फ्लाइट में किया।
सफर का खर्चा पीड़ित एजेंसी संचालक ने उठाया। टीम दिल्ली से आरोपी की गिरफ्तारी कर लौटी। इसकी जानकारी बिलासपुर रेंज आईजी रामगोपाल गर्ग को मिली, जिसे संज्ञान में लेकर उन्होंने टीआई पटेल समेत टीम में शामिल सभी आठ पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर दिया।
इससे पहले भी कटघोरा थाना के पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई को लेकर चर्चा में रहा है। कुछ समय पहले थाने के सामने कई दिनों तक कबाड़ से लदी एक गाड़ी खड़ी रहने और मामले में लापरवाही के आरोप में तत्कालीन थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया था। अब गुरुग्राम यात्रा में नियमों की कथित अनदेखी और पीड़ित से फ्लाइट टिकट का खर्च लिए जाने के मामले में हुई कार्रवाई ने पुलिस महकमे में हलचल बढ़ा दी है। IG की कार्रवाई को विभाग में वित्तीय पारदर्शिता और अनुशासन को लेकर सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
वही इस मामले पर एएसपी सिद्धार्थ तिवारी के मुताबिक मामले में आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम ने बिना अनुमति हवाई जहाज से यात्रा की। इसे संज्ञान में लेते हुए बिलासपुर आईजी की ओर से टीम पर कार्रवाई की गई है। केस में आगे जांच की जा रही है।



