छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने न्यायिक व्यवस्था में किया बड़ा फेरबदल, psc के जरिए चयनित 56 नए सिविल जजों की हुई पहली पदस्थापना
साथ ही 15 न्यायिक अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापना के आदेश जारी, हाईकोर्ट में ओएसडी बनाए गए रवि कुमार कश्यप
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने न्यायिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए psc के जरिए चयनित 56 नए सिविल जजों (जूनियर डिवीजन) को पहली पदस्थापना दी है। इसके साथ ही 15 न्यायिक अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापना के आदेश भी जारी किए गए हैं। हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल रजनीश श्रीवास्तव की ओर से विभिन्न आदेश और अधिसूचनाएं जारी की गई हैं। इन आदेशों के तहत हायर ज्यूडिशियल सर्विस और लोअर ज्यूडिशियल सर्विस के कई न्यायिक अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। नए नियुक्त सिविल जजों को संबंधित जिले में 29 अगस्त 2026 तक जॉइनिंग देनी होगी।
दरअसल, PSC ने कुछ महीने पहले सिविल जजों की चयन सूची जारी की थी। इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों को लोअर ज्यूडिशियल सर्विस कैडर में शामिल कर प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें परिवीक्षा अवधि पर नियुक्ति दी गई है।
नव नियुक्त सिविल जजों को बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, बलौदाबाजार, कोरबा, जशपुर, रायगढ़, जांजगीर, बैकुंठपुर, राजनांदगांव, महासमुंद, धमतरी, अंबिकापुर, सूरजपुर, कांकेर, कोंडागांव, जगदलपुर, दंतेवाड़ा, कवर्धा, मुंगेली और बलरामपुर-रामानुजगंज सहित प्रदेश के अलग-अलग न्यायिक जिलों में पदस्थ किया गया है।
56 नए न्यायिक अधिकारियों की पदस्थापना से प्रदेश की अधीनस्थ अदालतों में कामकाज बेहतर होने की उम्मीद है। इससे लंबित मामलों की सुनवाई में तेजी आ सकती है। अलग-अलग जिलों में न्यायिक अधिकारियों की संख्या बढ़ने से अदालतों के कामकाज को भी मजबूती मिलेगी।
हायर ज्यूडिशियल सर्विस के 5 जजों का तबादला
हायर ज्यूडिशियल सर्विस के पांच न्यायिक अधिकारियों का भी तबादला किया गया है। आदेश के अनुसार दंतेवाड़ा परिवार न्यायालय के जज हरीश कुमार अवस्थी को प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, रायपुर पदस्थ किया गया है।
वहीं ममता पटेल को अंबिकापुर से द्वितीय अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बिलासपुर और ज्योति अग्रवाल को पेंड्रारोड से न्यायाधीश, राजनांदगांव नियुक्त किया गया है। नमिता मिंज भास्कर को धमतरी से तथा भूपत सिंह साहू को राजनांदगांव से अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एफटीसी), दंतेवाड़ा पदस्थ किया गया है।
रायपुर में विशेष अदालत की जिम्मेदारी
रायपुर के प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश नीरज शर्मा को एससी-एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत रायपुर की विशेष अदालत का विशेष न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। वहीं अंबिकापुर में कमलेश जगदल्ला को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश और स्मिता रत्नावत को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (पॉक्सो) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सिविल जज सीनियर डिवीजन में भी बदलाव
सिविल जज सीनियर डिवीजन संवर्ग में भी कई अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है। सतीश कुमार खाखा को प्रतापपुर से मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) एवं प्रथम सिविल जज सीनियर डिवीजन, मुंगेली नियुक्त किया गया है। इसके अलावा भगवान दास पनिका को प्रतापपुर, श्वेता पटेल को छुईखदान, ईशान व्यास को दुर्ग और नीलेश जगदल्ला को राजनांदगांव पदस्थ किया गया है।
हाईकोर्ट में ओएसडी बनाए गए रवि कुमार कश्यप
दुर्ग के द्वितीय अतिरिक्त जज रवि कुमार कश्यप को प्रतिनियुक्ति पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में ओएसडी (ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी) बनाया गया है। इसके साथ ही सिविल जज जूनियर डिवीजन संवर्ग के भी 7 न्यायिक अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इस तरह हाईकोर्ट के ताजा आदेशों से प्रदेश के न्यायिक अधिकारियों की पदस्थापना और जिम्मेदारियों में व्यापक बदलाव हुआ है।







