द्वितीय मुख्य परीक्षा वर्ष 2026 (हाईस्कूल/हायर सेकेण्डरी/अवसर परीक्षा) हेतु ऑनलाइन आवेदन 30 मई तक
पुनर्गणना, पुनर्मूल्यांकन तथा उत्तरपुस्तिका अवलोकन के लिए 14 मई तक ऑनलाइन आवेदन
रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल, रायपुर द्वारा द्वितीय मुख्य परीक्षा वर्ष 2026 (हाईस्कूल/हायर सेकेण्डरी/अवसर परीक्षा) के लिए आवेदन प्रक्रिया निर्धारित की गई है। इस संबंध मे माध्यमिक शिक्षा मंडल के अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा आवेदन पत्र सामान्य शुल्क के साथ 04 मई 2026 से 30 मई 2026 तक ऑनलाइन भरे जाएंगे। द्वितीय मुख्य परीक्षा हेतु वे सभी विद्यार्थी आवेदन करने के पात्र होंगे, जो प्रथम मुख्य परीक्षा में पंजीकृत हैं। साथ ही पूरक, अनुत्तीर्ण तथा उत्तीर्ण विद्यार्थी (श्रेणी सुधार हेतु) भी इस परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि मुख्य परीक्षा वर्ष 2025 में प्रथम बार पंजीकृत होकर अनुत्तीर्ण अथवा पूरक रहे परीक्षार्थी क्रेडिट योजना के अंतर्गत पात्रतानुसार अपने अनुत्तीर्ण विषयों हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। परीक्षा में सम्मिलित होने के इच्छुक नियमित परीक्षार्थी अपने संबंधित विद्यालय के माध्यम से तथा स्वाध्यायी/अवसर परीक्षार्थी निर्धारित समन्वय संस्थाओं के माध्यम से निर्धारित तिथि के भीतर आवेदन करना सुनिश्चित करें। विलंब से प्राप्त आवेदन पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा।
वहीं पुनर्गणना, पुनर्मूल्यांकन तथा उत्तरपुस्तिका अवलोकन के लिए 14 मई तक ऑनलाइन आवेदन
हाईस्कूल/हायर सेकण्डरी मुख्य परीक्षा के पुनर्गणना, पुनर्मूल्यांकन तथा उत्तरपुस्तिका अवलोकन के लिए 14 मई तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव श्रीमती पुष्पा साहू ने बताया कि परीक्षार्थी परीक्षा परिणाम घोषित होने की तिथि से 15 दिवस के भीतर, हाईस्कूल/हायर सेकण्डरी मुख्य परीक्षा के पुनर्गणना, पुनर्मूल्यांकन एवं उत्तरपुस्तिका की छायाप्रति (अवलोकन) हेतु ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। परीक्षार्थी इन तीनों प्रक्रियाओं में से किसी एक, दो या सभी के लिए आवेदन करने के पात्र होंगे।
माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव ने बताया कि आवेदन हेतु निर्धारित प्रारूप मण्डल की वेबसाइट
www.cgbse.nic.in
से प्राप्त किया जा सकता है। परीक्षार्थी भरे हुए आवेदन पत्र को निर्धारित शुल्क सहित जिला, तहसील एवं विकासखण्ड स्तर के अग्रेषण संस्थानों में जमा कर सकते हैं अथवा स्वयं भी मण्डल की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित अंतिम तिथि के पश्चात किसी भी प्रकार के आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

.jpg)

