रायपुर पुलिस और गुवाहाटी पुलिस के बीच टकराव, गुवाहाटी में आरोपी की गिरफ्तारी के दौरान हुवा विवाद
छत्तीसगढ़ की टीम कथित तौर पर रिश्वत लेकर दो आरोपियों को किया रिहा, रकम न मिलते तक तीसरे को रखा हिरासत में
रायपुर पुलिस को हिरासत में लिया गया, बिना प्रोडक्शन वारंट आरोपी को पकड़ने की थी योजना
गुवाहाटी पुलिस ने छत्तीसगढ़ पुलिस की चार सदस्यीय टीम को हिरासत में लिया है। जिस पर साइबर अपराध के तीन आरोपियों से रिश्वत लेने का आरोप है। साइबर अपराध के तीन आरोपियों को असम से गिरफ्तार किया गया था। छत्तीसगढ़ पुलिस की इस टीम में एक निरीक्षक सहित चार कर्मी शामिल हैं।
पुलिस के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि दिसपुर थाने में रायपुर पुलिस के चार कर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और उन्हें पूछताछ के लिए मंगलवार रात हिरासत में लिया गया। उन्होंने कहा, ‘‘रायपुर पुलिस की टीम छत्तीसगढ़ में हुए एक साइबर अपराध के सिलसिले में रविवार को गुवाहाटी पहुंची। उसने बिहार से एक आरोपी को गिरफ्तार किया और बिहार निवासी तीन अन्य आरोपियों को सोमवार को गुवाहाटी से पकड़ा।’’
अधिकारी ने बताया कि छत्तीसगढ़ की टीम ने कथित तौर पर रिश्वत लेकर दो आरोपियों को रिहा कर दिया और तीसरे को मांगी गई रकम के भुगतान तक हिरासत में रखा। उन्होंने कहा, ‘‘हमें रिहा किए गए दोनों आरोपियों से इस मामले में शिकायत मिली थी, जिसके बाद हमने कार्रवाई की और एक अभियान चलाया। पूरी टीम को रात में पकड़कर दिसपुर थाने लाया गया।’’
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मोती नगर के रहने वाले शरद कुमार के पास एक वीडियो कॉल आया, जिसमें सामने वाले ने खुद को सरकारी अधिकारी बताया। उसने शरद कुमार को डरा धमका कर बैंक से जुड़ी डिटेल हासिल की। फिर खातों की जांच के बहाने रुपए ट्रांसफर करवा लिए। आरोपी ने अलग-अलग किस्तों में करीब 17 लाख 15 हजार रुपए वसूल कर लिए। पीड़ित ने आरोपी के दिए बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर किए। जब उसे पैसे वापस नहीं मिले तो उसे ठगी का एहसास हुआ। उसने रायपुर के टिकरापारा थाने में जाकर शिकायत दर्ज करवाई।
मामले की जांच के दौरान आरोपियों पकड़ने पहुंची छत्तीसगढ़ पुलिस और असम पुलिस आमने-सामने आ गईं। जानकारी के मुताबिक केस के सिलसिले में टीआई रविंद्र यादव सहित चार पुलिसकर्मी गुवाहाटी गए थे। आरोप है कि रायपुर पुलिस ने पैसे लेकर आरोपियों को छोड़ दिया। इसी आरोप में गुवाहाटी पुलिस ने चारों पुलिसकर्मियों को हिरासत में ले लिया।
असम पुलिस ने 2.50 लाख जब्त किए
इस कार्रवाई के दौरान असम पुलिस ने करीब 2.50 लाख रुपए भी जब्त किए हैं। दावा किया जा रहा है कि यह रकम आरोपियों से ली गई थी। वहीं छोड़े गए आरोपियों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई, जिसके बाद यह पूरा मामला सामने आया।
24 घंटे के बाद छूटे अफसर
घटना के बाद दोनों राज्यों की पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बन गई। छत्तीसगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने असम पुलिस से संपर्क किया और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद करीब 24 घंटे की पूछताछ के बाद टीम को छोड़ दिया गया। पुलिस टीम अब गुवाहाटी से रायपुर के लिए रवाना हो गई है। फिलहाल इस मामले में दोनों राज्यों की पुलिस अपने-अपने स्तर पर जांच कर रही है।



