जशपुर जिले के कांसाबेल थाने में पदस्थ आरक्षक रुद्रमणि यादव पर लगे दुष्कर्म, गर्भपात,मानसिक और आर्थिक ठगी करने का गंभीर आरोप

Breaking Posts

6/trending/recent
Type Here to Get Search Results !

जशपुर जिले के कांसाबेल थाने में पदस्थ आरक्षक रुद्रमणि यादव पर लगे दुष्कर्म, गर्भपात,मानसिक और आर्थिक ठगी करने का गंभीर आरोप

जशपुर जिले के कांसाबेल थाने में पदस्थ आरक्षक रुद्रमणि यादव पर लगे दुष्कर्म, गर्भपात,मानसिक और आर्थिक ठगी करने का गंभीर आरोप

आरक्षक को किया निलंबित, घटना दिनांक से है फरार, उसकी गिरफ्तारी के लिए जारी की इनाम की घोषणा




जशपुर जिले के कांसाबेल थाने में पदस्थ आरक्षक रुद्रमणि यादव पर एक विधवा शिक्षिका ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, दो बार जबरन गर्भपात और आर्थिक ठगी करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले के सामने आने के बाद जशपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी आरक्षक को निलंबित कर दिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए  2000 का इनाम घोषित करने के साथ ही लुकआउट नोटिस भी जारी किया है।

उद्घोषणा में लिखा है कि एतद् द्वारा सर्वसाधारण को सूचित किया जाता है कि प्रार्थिया दिनांक 24.04.2026 को थाना कांसाबेल उपस्थित आकर मेरे साथ आरक्षक रूद्रमणी यादव थाना कांसाबेल के द्वारा बलात्कार करने एवं आर्थिक मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के संबंध में एक लिखित आवेदन पत्र पेश करने पर थाना कांसाबेल में अपराध क्रमांक 67/2026 धारा 376 (2) (एन), 376(2) (क) (1), 313, 294, 506 (बी) भा.द.वि. एवं 3(2) (v), 3(1)(ब) (i) एससी/एसटी एक्ट कायम कर विवेचना की जा रही है। विवेचना दौरान आरोपी रूद्रमणी यादव के निवास स्थान, रिश्तेदारों एवं संभावित स्थानों पर लगातार पता तलाश किया जा रहा है, जो गिरफ्तारी के भय से कायमी दिनांक 24.04.2026 से अन्यत्र फरार है। फरार आरोपी रूद्रमणी यादव निवासी ग्राम टांगरडीह थाना बगीचा जिला जशपुर (छ.ग.) की पतासाजी कर गिरफ्तारी हेतु हरसंभव प्रयास किया जा रहा है, किन्तु अभी तक कोई पता नहीं चला है।

अतएव में डॉ. लाल उमेद सिंह (भा.पु.से.) उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जिला जशपुर (छ.ग.) पुलिस रेग्युलेशन के पैरा क्रमांक- 80-ए में निहित प्रावधानों के तहत् प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए, यह घोषणा करता हूँ कि जिला जशपुर के उक्त प्रकरण के फरार आरोपी के बारे में जो कोई सूचना देगा, गिरफ्तारी करायेगा उन्हें ईनामी उद्घोषणा के तहत 2000/-रू. (दो हजार रूपये) के पुरस्कार से पुरस्कृत किया जावेगा।

बता दें कि जशपुर जिले के कांसाबेल थाना क्षेत्र से पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां पदस्थ एक आरक्षक पर फेसबुक के जरिए दोस्ती कर विधवा शिक्षिका के साथ दुष्कर्म करने और आर्थिक ठगी करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी आरक्षक ने शादी का झांसा देकर कई वर्षों तक उसका शोषण किया, डरा-धमकाकर संबंध बनाए और गर्भपात भी कराया। इतना ही नहीं, आरोपी पर महिला की तस्वीरें वायरल करने का भी आरोप है। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं FIR दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार है।

शिकायत के मुताबिक, 28 अप्रैल 2023 को आरक्षक रुद्रमणि यादव टीचर को घुमाने के बहाने बटईकिला क्षेत्र ले गया, जहां सुनसान जगह पर उससे जबरन संबंध बनाए। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपी अलग-अलग जगहों पर उसकी इच्छा के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाता रहा।

वहीं पीड़िता ने आरक्षक पर आर्थिक शोषण का आरोप भी लगाया है। उसके अनुसार आरोपी ने जमीन दिलाने के नाम पर उससे और उसके भाई से करीब 2 लाख रुपए लिए, लेकिन कोई काम नहीं कराया। महिला का कहना है कि आरोपी खुद को पुलिस विभाग में प्रभावशाली बताकर धमकी देता था कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।

दरअसल पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि, साल 2020 में पति की मौत के बाद वह अपने दो बच्चों के साथ अकेले रह रही थीं। पेशे से वह टीचर है। कांसाबेल थाने में पदस्थ आरक्षक रुद्रमणि यादव की पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के माध्यम से एक विधवा शिक्षिका से हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच बातचीत हुई, जो धीरे-धीरे नजदीकियों में बदल गई। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने भरोसा जीतकर शादी का वादा किया और फिर उसका शारीरिक शोषण शुरू कर दिया। महिला ने शिकायत में बताया कि आरोपी आरक्षक कई वर्षों तक उसे मानसिक रूप से डराता और धमकाता रहा। इसी दबाव में वह लगातार उसका शोषण करता रहा। पीड़िता का यह भी आरोप है कि संबंधों के दौरान जब वह गर्भवती हुई तो आरोपी ने उस पर दबाव बनाकर गर्भपात भी कराया।

महिला का आरोप है कि जब उसने विरोध करना शुरू किया और आरोपी से दूरी बनाने की कोशिश की, तो आरक्षक ने उसकी निजी तस्वीरें सोशल मीडिया अन्य माध्यमों में वायरल कर दीं। इससे पीड़िता मानसिक रूप से टूट गई। उसने आखिरकार पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का फैसला लिया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी आरक्षक रुद्रमणि यादव के खिलाफ दुष्कर्म, धमकी, आईटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Top Post Ad


 

Below Post Ad

Ads Bottom