अम्बिकापुर हत्या, रेप, लूट और अन्य गंभीर मामलों के 11 अपचारी बालक खिकडी उखाड़ दिवार फांदकर हुवे फरार
तेज बारिश और गरज-चमक बिजली गुल का फायदा उठा दिया घटना को अंजाम, फरार बालको की तलाश जारी
अंबिकापुर के बिशुनपुर रोड स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से मंगलवार देर शाम 11 अपचारी बालक फरार हो गए। तेज बारिश और गरज-चमक के बीच अपचारी बालकों ने कमरे की खिड़की उखाड़ी और संप्रेक्षण गृह के पीछे की दीवार फांदकर भाग निकलने में सफल हो गए। घटना से बाल संप्रेक्षण गृह प्रबंधन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस सहित संप्रेक्षण गृह के कर्मचारी फरार बालकों की तलाश में जुट गए हैं।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे तेज बारिश के कारण बिजली गुल हो गई। इसी दौरान 11 नाबालिगों ने बैरक की खिड़की उखाड़ दी और वहां से फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि मेन गेट पर 2 सुरक्षाकर्मी तैनात थे, लेकिन उन्हें इस घटना की भनक तक नहीं लगी। नाबालिगों के फरार होने की जानकारी करीब 1 घंटे बाद कर्मचारियों को मिली। ये सभी हत्या, रेप, लूट और अन्य गंभीर मामलों में अंदर थे।
बाल संप्रेक्षण गृह के हाउस फादर मनीष कुशवाहा ने बताया कि शाम को खाने के बाद सभी बच्चे अपने-अपने कमरे में चले गए थे। कुछ बच्चे टीवी देख रहे थे। इसी दौरान तेज बारिश और गरज-चमक के बीच बिजली चली गई।
मौके का फायदा उठाकर कुछ नाबालिगों ने खिड़की उखाड़ दी और 11 फरार हो गए, जो कि सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया जिले के रहने वाले हैं। उन्हें चोरी, लूट, दुष्कर्म और हत्या जैसे गंभीर अपराधों के अलग-अलग मामलों में बाल संप्रेक्षण गृह में रखा गया था। वहीं, नाबालिगों के एक साथ फरार होने की सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस एक्टिव हो गई। पुलिस ने शहर के प्रमुख सड़कों पर नाकाबंदी की गई। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और संभावित ठिकानों पर लगातार जांच की जा रही है।
पुलिस ने फरार लड़कों के गृह जिलों की पुलिस को भी सूचना दे दी है। उनके परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी फरार लड़कों को पकड़ लिया जाएगा।



