टोनही बताकर विधवा महिला की हत्या, जेठ ने लाठी से सिर पर किया जानलेवा हमला
पत्थलगांव। क्षेत्र के डुडंगजोर गांव में अंधविश्वास की एक दर्दनाक घटना सामने आई है। टोनही (डायन) होने के शक में एक विधवा महिला की कथित रूप से उसके जेठ ने लाठी से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, डुडंगजोर निवासी नवीना राठिया (35 वर्ष) अपने घर पर थी। आरोप है कि उसका जेठ सुखसिंग राठिया लंबे समय से अपनी मां, भाई और नाती की अलग-अलग समय पर हुई मौतों के लिए नवीना को जिम्मेदार मानता था और उस पर टोनही होने का आरोप लगाकर अक्सर विवाद करता था।
बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह करीब 10 बजे आरोपी शराब के नशे में घर पहुंचा और फिर से विवाद करने लगा। इसी दौरान उसने लकड़ी की लाठी से नवीना के सिर के पीछे जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला मौके पर ही गिर पड़ी और उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी सुखसिंग राठिया को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।



