जशपुर में 29 अगस्त से 1 सितंबर तक देशभर के खिलाड़ी दिखाएंगे शतरंज का हुनर, मिलेगा 2.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि

Breaking Posts

6/trending/recent
Type Here to Get Search Results !

जशपुर में 29 अगस्त से 1 सितंबर तक देशभर के खिलाड़ी दिखाएंगे शतरंज का हुनर, मिलेगा 2.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि

जशपुर में 29 अगस्त से 1 सितंबर तक देशभर के खिलाड़ी दिखाएंगे शतरंज का हुनर, मिलेगा 2.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि

विजेता को 50 हजार, उपविजेता को 30 हजार और तृतीय स्थान प्राप्त खिलाड़ी को मिलेंगे 20 हजार रुपये

24 अगस्त तक होगा पंजीयन, 24 अगस्त के बाद प्रवेश स्वीकार नहीं , पहले 50 खिलाड़ियों को निःशुल्क आवास


जशपुर। जशपुर जिले के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। जिला प्रशासन एवं खेल विभाग जशपुर तथा जशपुर जिला शतरंज संघ के संयुक्त तत्वावधान में जिले की पहली अखिल भारतीय ओपन फिडे रेटेड शतरंज प्रतियोगिता-2026 ‘चेकमेट एट जशपुर’ का आयोजन किया जा रहा है। अखिल भारतीय शतरंज महासंघ एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ के तत्वावधान में आयोजित होने वाली यह चार दिवसीय प्रतियोगिता 29 अगस्त से 1 सितंबर 2026 तक जशपुरनगर के पुरानी टोली स्थित कम्युनिटी हॉल में होगी। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। विजेताओं के लिए कुल 2 लाख 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है।

जशपुर को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर स्थापित करने की पहल

कलेक्टर रोहित व्यास ने कहा कि जशपुर खेल, शिक्षा और युवा विकास के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। जिले में पहली बार अखिल भारतीय स्तर की फिडे रेटेड शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे जिले के खिलाड़ियों को देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा का अवसर मिलेगा। साथ ही देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले खिलाड़ी जशपुर की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत से भी परिचित होंगे।

विजेता को 50 हजार रुपये और ट्रॉफी

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 50 हजार रुपये एवं ट्रॉफी, द्वितीय स्थान प्राप्त खिलाड़ी को 30 हजार रुपये एवं ट्रॉफी तथा तृतीय स्थान प्राप्त खिलाड़ी को 20 हजार रुपये एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। चौथे स्थान के लिए 11 हजार, पांचवें के लिए 7 हजार, छठे के लिए 5 हजार, सातवें से दसवें स्थान तक प्रत्येक को 3 हजार तथा 11वें से 17वें स्थान तक प्रत्येक खिलाड़ी को 2 हजार रुपये एवं स्मृति चिह्न प्रदान किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त कम रेटिंग वाले, अनरेटेड, महिला, वरिष्ठ एवं स्थानीय खिलाड़ियों के लिए भी अलग-अलग पुरस्कार रखे गए हैं। 1650 से कम रेटिंग वाले खिलाड़ियों, अनरेटेड खिलाड़ियों तथा 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ खिलाड़ियों के लिए विशेष पुरस्कार दिए जाएंगे। जशपुर जिले के शीर्ष पांच पुरुष एवं शीर्ष पांच महिला खिलाड़ियों तथा सरगुजा संभाग के शीर्ष पांच पुरुष एवं शीर्ष पांच महिला खिलाड़ियों को भी 2-2 हजार रुपये एवं स्मृति चिह्न से सम्मानित किया जाएगा।

बाल प्रतिभाओं के लिए भी विशेष पुरस्कार

प्रतियोगिता में 15 वर्ष से कम, 13 वर्ष से कम, 11 वर्ष से कम और 9 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के लिए भी पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक आयु वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले बालक-बालिका को 2,100 रुपये एवं ट्रॉफी तथा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 1,500 रुपये एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र भी दिए जाएंगे। एक खिलाड़ी को केवल उसके उच्चतम पात्र पुरस्कार का ही लाभ मिलेगा।

फिडे स्विस प्रणाली से होंगे आठ चक्र

प्रतियोगिता में कुल आठ चक्र होंगे और मुकाबले फिडे के नियमों के अनुसार स्विस प्रणाली से खेले जाएंगे। प्रत्येक खिलाड़ी को 90 मिनट का समय तथा प्रत्येक चाल पर 30 सेकंड का अतिरिक्त समय मिलेगा। खिलाड़ियों की सुविधा और प्रतियोगिता की पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।

29 अगस्त को सुबह 9 बजे खिलाड़ियों का आगमन, 10 बजे उद्घाटन एवं तकनीकी बैठक, 11 बजे प्रथम चक्र तथा दोपहर 3 बजे द्वितीय चक्र होगा। 30 अगस्त को तृतीय एवं चतुर्थ, 31 अगस्त को पांचवां एवं छठा तथा 1 सितंबर को सातवां एवं आठवां चक्र आयोजित होगा। इसी दिन पुरस्कार वितरण समारोह होगा। शतरंज कक्ष में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा।

ग्रैंडमास्टर और 2200 से अधिक रेटिंग वाले खिलाड़ियों का प्रवेश निःशुल्क

ग्रैंडमास्टर, इंटरनेशनल मास्टर, महिला ग्रैंडमास्टर, महिला इंटरनेशनल मास्टर तथा 2200 या उससे अधिक फिडे रेटिंग वाले खिलाड़ियों के लिए प्रवेश निःशुल्क रखा गया है। जशपुर जिले के खिलाड़ियों के लिए प्रवेश शुल्क 200 रुपये, सरगुजा संभाग के खिलाड़ियों के लिए 800 रुपये तथा अन्य जिलों एवं राज्यों के खिलाड़ियों के लिए 1,200 रुपये निर्धारित किया गया है।

24 अगस्त तक होगा पंजीयन, पहले 50 खिलाड़ियों को निःशुल्क आवास

प्रतियोगिता में प्रवेश की अंतिम तिथि 24 अगस्त 2026 शाम 5 बजे तक निर्धारित है। 22 अगस्त तक निर्धारित प्रवेश शुल्क लागू रहेगा, इसके बाद 200 रुपये विलंब शुल्क देना होगा। 24 अगस्त के बाद प्रवेश स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रतिभागियों के लिए वर्ष 2026-27 का अखिल भारतीय शतरंज महासंघ का पंजीयन अनिवार्य है। छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के लिए छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ का वर्ष 2026-27 का पंजीयन भी आवश्यक होगा।

बाहर से आने वाले खिलाड़ियों की सुविधा के लिए पहले 50 खिलाड़ियों को निःशुल्क छात्रावासनुमा आवास उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा जशपुर के विभिन्न होटलों में शतरंज खिलाड़ियों के लिए विशेष छूट की व्यवस्था भी की गई है।

शतरंज के साथ जशपुर के पर्यटन स्थलों का भी ले सकेंगे आनंद

आयोजन समिति के अध्यक्ष श्री विश्वास राव मस्के एवं आयोजन सचिव डॉ. अशोक लकड़ा ने बताया कि प्रतियोगिता में देशभर से आने वाले खिलाड़ियों को जशपुर की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन स्थलों से परिचित कराने का भी प्रयास किया जा रहा है। खिलाड़ी रानीदाह जलप्रपात, सोगड़ा चाय बागान, मधेश्वर, बादलखोल अभयारण्य, मयाली नेचर कैंप और कैलाश गुफा जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर सकेंगे।

‘चेकमेट एट जशपुर 2026’ के आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर मिलने के साथ जशपुर को शतरंज और खेल पर्यटन के नए केंद्र के रूप में पहचान मिलने की उम्मीद है। आयोजकों ने छत्तीसगढ़ सहित देशभर के शतरंज खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों से प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।

Top Post Ad


 

Below Post Ad

Ads Bottom