छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ (CSPC) ने कुल 1235 पदों पर भर्ती के लिये किया विज्ञापन जारी
इच्छुक और योग्य युवा समय पर पोर्टल विजिट कर आवेदन प्रक्रिया कर सकते है पूरी
रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का बड़ा अवसर सामने आया है। छत्तीसगढ़ में राज्य गठन के बाद बिजली कंपनियों में अब तक की सबसे बड़ी भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर स्टेट पावर कंपनी के अंतर्गत आने वाली जनरेशन, ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों में कुल 1235 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया गया है। इस बड़ी भर्ती प्रक्रिया से राज्य के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुल गए हैं।
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ (CSPC) ने कुल 1235 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया है। इस भर्ती के तहत सहायक अभियंता (AE), कनिष्ठ अभियंता (JE), प्लांट अटेंडेंट, डाटा एंट्री ऑपरेटर, चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, फायर ऑफिसर एवं स्टाफ, विधि विभाग, वित्त अधिकारी और सुरक्षा विभाग सहित कई पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। भर्ती प्रक्रिया राज्य की तीनों पावर कंपनियों में संचालित होगी।
भर्ती में विभिन्न श्रेणियों के पद शामिल किए गए हैं। इनमें द्वितीय श्रेणी (क्लास-II) के 189 पद, तृतीय श्रेणी (क्लास-III) के 711 पद और चतुर्थ श्रेणी (क्लास-IV) के 335 पद शामिल हैं। इस भर्ती अभियान में तकनीकी और गैर-तकनीकी दोनों प्रकार के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। सबसे अधिक 400 पद डाटा एंट्री ऑपरेटर (DEO) के हैं, जबकि 300 पद प्लांट अटेंडेंट, 146 पद सहायक अभियंता (AE) और 122 पद कनिष्ठ अभियंता (JE) के लिए निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, फायर ऑफिसर एवं स्टाफ, विधि, वित्त और सुरक्षा विभाग में भी भर्ती की जाएगी।
फिलहाल केवल भर्ती का विज्ञापन जारी किया गया है। आवेदन तिथि, परीक्षा तिथि, पात्रता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया और अन्य नियमों की विस्तृत जानकारी अलग से जारी की जाएगी। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे नियमित रूप से छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ की आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट देखते रहें। आवेदन प्रक्रिया, विस्तृत विज्ञापन और परीक्षा संबंधी सभी जानकारी जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट www.cspc.co.in पर जारी की जाएगी।इच्छुक और योग्य युवा समय पर पोर्टल विजिट कर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।



