पत्थलगांव-कुनकुरी राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण कार्य के लिए 125 करोड़ रुपए की राशि मंजूर, 24 माह में पूर्ण करने का लक्ष्य
जशपुर जिले में लंबे समय से अधूरे पड़े पत्थलगांव-कुनकुरी राष्ट्रीय राजमार्ग (NH 43 )के निर्माण कार्य के लिए 125 करोड़ रुपए की राशि मंजूर हुए है। जिसके बाद अब 64 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य किया जाएगा। वहीं निर्माण कार्य को 24 माह की समय-सीमा में पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सड़क निर्माण शुरू होने से क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने के साथ ही परिवहन और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
पत्थलगांव-कुनकुरी राष्ट्रीय राजमार्ग की अधूरी परियोजना को पूरा करने के लिए वर्ष 2015 में जारी पूर्व निविदा को निरस्त कर नए सिरे से निविदा प्रक्रिया पूरी की गई। नई निविदा प्रक्रिया के बाद मेसर्स विनोद जैन कंस्ट्रक्शन कंपनी को निर्माण कार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संबंधित कंपनी द्वारा सड़क निर्माण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर पत्थलगांव-कुनकुरी मार्ग के अधूरे कार्य को पूरा कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया था। मुख्यमंत्री के प्रयासों के बाद पुरानी निविदा को निरस्त कर नए सिरे से निविदा प्रक्रिया पूरी की गई और अब निर्माण कार्य शुरू हो सका है।



