28 से 30 सितंबर तक बैंक रहेंगे बन्द, आज रहेगा सामान्य दिनों की तरह बैंक खुला
हड़ताल को देखते माशिमं ने प्रदेश के हजारों नियमित छात्र-छात्राओं को दी बड़ी राहत, 7 दिवस की बढ़ोतरी
30 सितंबर की जगह अब 7 अक्टूबर तक जमा होगा शुल्क, 8 अक्टूबर से प्रतिदिन 1,000 रुपये की दर से लगेगा विलंब शुल्क
रायपुर। संयुक्त बैंक यूनियनों का मंच यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) हड़ताल पर जा रहा है। इसके बैनर तले छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश भर के 12 पब्लिक सेक्टर के बैंक 28 सितंबर से लेकर 30 सितंबर तक बंद रहेंगे। बैंक यूनियन फाइव डे बैंकिंग प्रणाली लागू करने के साथ ही अपनी दूसरी मांग को लेकर तीन दिवसीय हड़ताल पर रहेंगे। इस दौरान पूरे देश भर के लगभग 8 लाख अधिकारी और कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। जिसकी वजह से बैंकों के कामकाज पूरी तरह से ठप और बंद रहेंगे। ग्राहकों की सुविधा को देखते हुए आरबीआई ने 27 सितंबर रविवार को देशभर के बैंकों को खुले रखने के निर्देश दिए हैं। ऐसी स्थिति में आज देश भर के बैंक सामान्य दिनों की तरह सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक खुले रहेंगे।
राष्ट्रीयकृत बैंकों की 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित हड़ताल के चलते विद्यार्थियों और शैक्षणिक संस्थानों के सामने ऑनलाइन शुल्क जमा करने को लेकर संकट खड़ा हो गया था। इस गंभीर समस्या को देखते हुए छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने प्रदेश के हजारों नियमित छात्र-छात्राओं को बहुत बड़ी राहत दी है।
माशिमं की ओर से पहले नियमित विद्यार्थियों के नामांकन, मुख्य परीक्षा और परीक्षा आवेदन पत्र से जुड़े शुल्क के ऑनलाइन भुगतान के लिए 30 सितंबर अंतिम तारीख निर्धारित की गई थी। हड़ताल को देखते हुए मंडल ने निर्धारित समय-सीमा में सात दिनों की बढ़ोतरी की है।
30 सितंबर की जगह अब 7 अक्टूबर तक जमा होगा शुल्क
मंडल के नए निर्देश के अनुसार अब मान्यता प्राप्त हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में अध्ययनरत नियमित विद्यार्थियों से संबंधित शुल्क 7 अक्टूबर तक ऑनलाइन जमा किया जा सकेगा। इससे स्कूल प्रबंधन को नामांकन और परीक्षा आवेदन से जुड़ी प्रक्रिया पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है। अब सभी संबद्ध स्कूल और विद्यार्थी बिना किसी अतिरिक्त वित्तीय दबाव के आगामी सात अक्टूबर तक निर्बाध रूप से ऑनलाइन पोर्टल पर शुल्क भुगतान कर सकेंगे।
मंडल के जारी आदेश में यह स्पष्ट किया गया है कि दी गई अतिरिक्त मोहलत के बाद नियमों का कड़ाई से पालन होगा। यदि कोई संस्था या विद्यार्थी निर्धारित बढ़ाई गई तारीख 7 अक्टूबर तक शुल्क का ऑनलाइन भुगतान नहीं कर पाता है, तो 8 अक्टूबर से प्रतिदिन 1,000 रुपये की दर से विलंब शुल्क वसूला जाएगा। मंडल ने सभी मान्यता प्राप्त संस्थाओं से कहा है कि वे आखिरी तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते प्रक्रिया पूरी कर लें।

.jpg)

