छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और असम के प्रभारी भूपेश बघेल के काफिले पर असम में हुवा पथराव, कांग्रेस गो बैक के लगे नारे
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और असम के प्रभारी भूपेश बघेल पर सोमवार को शाम करीब 4 बजे उनकी वाहनों पर पथराव हुई है। बघेल नागांव लोकसभा उपचुनाव के प्रचार के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान आसामाजिक तत्वों ने उनके काफिले पर पत्थर फेंके। इस दौरान उनके साथ धुबरी के सांसद रकीबुल हुसैन, असम कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई पार्टी उम्मीदवार सिबमोनी बोरा आदि भी शामिल थे। फिलहाल सभी नेता सुरक्षित बताएं जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार पूरी घटना नागांव लोकसभा अंतर्गत समागुड़ी के बरमा इलाके का है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार बीजेपी समर्थक बाराम बाजार में कांग्रेस नेताओं को काले झंडे दिखाने के लिए जमा हुए थे। जब करीब 30 से 40 कांग्रेस कार्यकर्ता मोटरसाइकिल पर वहां से गुजरे तो ‘गौरव गोगोई गो बैक’, ‘कांग्रेस गो बैक’ और ‘रकीबुल गो बैक’ के नारे लगाए गए, जिससे तनाव फैल गया। जनसभा खत्म होने के बाद जब कांग्रेस का काफिला उसी रास्ते से वापस लौटा तो संदिग्ध बीजेपी समर्थकों ने उनके वाहनों पर जमकर पथराव कर दिया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता भी लाठियां लेकर मौके पर लौट आए, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पत्थर फेंके।
बघेल ने इंटरनेट मीडिया एक्स पर एक पोस्ट डालकर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने लिखा है कि नगांव में चुनाव प्रचार के लिए जा रहे काफ़िले पर कुछ असामाजिक तत्वों ने पथराव कर प्राणघातक हमला किया। आज भाजपा का चेहरा एक बार फिर बेनकाब हुआ है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के गुंडाराज का पर्दाफाश हुआ है। बघेल ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आचार संहिता के बाद कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी चुनाव आयोग की होती है। इसी बीच बघेल ने नगांव लोकसभा उपचुनाव में कांग्रेस की बड़ी जीत का दावा किया।
इधर, प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने घटना की निंदा करते हुए इसे गंभीर मामला बताया है। कांग्रेस ने मांग की है कि पथराव के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।



