गणेशोत्सव के दस दिनों तक भक्ति और उत्साह का माहौल रहने के बाद शुक्रवार को बारिश के बीच हुवा बप्पा का विसर्जन
पत्थलगांव। पत्थलगांव शहर सहित मोहल्लों के विभिन्न पंडालों में गणेशोत्सव के दस दिनों तक भक्ति और उत्साह का माहौल रहने के बाद अब विसर्जन की बेला आई। बारिश के बीच गणेश विसर्जन यात्रा उत्साह पूर्वक निकाली गई। इस दौरान मुख्य रूप से कर्मा नृत्य आकर्षक का केंद्र रही। विसर्जन के दौरान भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह रोक दिया गया था, एवम सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल हर स्थानों पर मुस्तेद दिखी।
दोपहर से पंडालों में विराजमान गणेश जी की मूर्ति विधि-विधान से पूजा के बाद रवाना हुई। डीजे, बाजे के साथ श्रद्धालु ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। बारिश के बावजूद बच्चों, युवाओं और महिलाओं में खास उत्साह दिखाई दिया। बज रहे धार्मिक गीतों और डीजे की धुन से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालु गणेश जी के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। बारिश के बीच निकली यात्रा क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बनी रही।
इस विसर्जन यात्रा को शहर के तीनों मुख्य मार्गों में भ्रमण करवाया गया। यात्रा जहां-जहां पहुंची, वहां लोगों ने गणेश प्रतिमा का स्वागत किया। लोगों ने पूजा-अर्चना की और भगवान गणेश से परिवार और गांव की सुख-समृद्धि की कामना की। जगह-जगह श्रद्धालुओं की भीड़ और भक्ति गीतों से उत्सव का माहौल बना रहा। इसके बाद अपने अपने तय नदी-तालाबों स्थानों पर पहुंचकर पूजा-अर्चना के साथ प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस दौरान ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने अगले साल फिर भगवान गणेश के आने की कामना की। बारिश के बीच निकली इस यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्ति और उत्सव के माहौल में रंग दिया।
आयोजकों ने बताया कि यात्रा को लेकर यहां के रहवासियों में पहले से उत्साह था और बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल हुए।



