पारंपरिक साड़ी पहने IPS अंकिता शर्मा शस्त्र पूजन के बाद ऑटोमैटिक एके-47 को लेकर चलाई तड़ातड़ गोलियां
वीडियो वायरल के बाद इस घटना ने सुरक्षा और अनुशासन से जुड़े मुद्दों पर छेड़ी बहस
भारतीय सेना के पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लों ने हथियारों को संभालने के तरीके पर उठाया गंभीर सवाल
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में दशहरा के मौके पर पारंपरिक 'शस्त्र पूजा' के दौरान एक महिला आईपीएस अधिकारी द्वारा AK-47 राइफल से हवा में फायरिंग करने का वीडियो वायरल हो गया है। इस घटना ने सुरक्षा और अनुशासन से जुड़े मुद्दों पर बहस छेड़ दी है।वीडियो में पारंपरिक साड़ी पहने अंकिता शर्मा शस्त्र पूजन के बाद राइफल से एक के बाद एक गोलियां चलाती नजर आ रहीं हैं। भारतीय सेना के पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लों ने हथियारों को संभालने के तरीके पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए कहा कि हथियारों के इस्तेमाल में सुरक्षा के बुनियादी नियमों की अनदेखी खतरनाक साबित हो सकती है।
नीली साड़ी, हाथ में AK-47 राइफल और हवा में ताबड़तोड़ फायरिंग..
दरअसल, विजयदशमी के दिन छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे में शस्त्र पूजन होता है। इस अवसर पर राजनांदगांव की एसपी अंकिता शर्मा ने भी पुलिस लाइन में पूजन की थी। पूजन के बाद उन्होंने ऑटोमैटिक एके-47 को लेकर तड़ातड़ गोलियां चलाई थीं। फायरिंग करते हुए वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है। सोशल मीडिया पर महिला का वीडियो हर ओर छाया हुआ है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद से चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। कुछ लोग महिला के बेखौफ अंदाज की तारीफ कर रहे है तो कुछ लोग इसे नियमों का उल्लघन मान रहे हैं। वहीं, पूर्व सेना अफसर ने कई सवाल उठा दिए हैं।
सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने राजनांदगांव की पुलिस अधीक्षक (SP) अंकिता शर्मा का बचाव करते हुए कहा कि वह केवल एक परंपरा का पालन कर रही थीं, जबकि अन्य लोगों ने उनके द्वारा हथियार संभालने के तरीके की आलोचना की।
अंकिता शर्मा से जुड़े इस वीडियो के बारे में पूछे जाने पर, उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरकार इस मामले का संज्ञान लेगी।
खतरनाक है यह...
पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लों ने वीडियो को शेयर करते हुए एक्स पर कई सवाल उठाए हैं। साथ ही इस तरह की गतिविधि को उन्होंने खतरनाक बताया है। पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल कंवल जीत सिंह ढिल्लों ने उनके खिलाफ दंडनीय कार्रवाई की मांग भी की है।
पूर्व सेना अफसर ने निकालीं ये कमियां
लोडेड हथियार को खतरनाक रूप से गलत तरीके से हैंडल करना
हथियार हैंडलिंग की सुरक्षा के सभी पहलू उल्लंघित
लोडेड हथियार को सभी दिशाओं में तानना। वीडियो में दिख रहे लोग भयभीत दिख रहे।
गैर-अधिकृत कार्य के लिए सर्विस हथियार चलाना, गैर-अधिकृत वर्दी में
ट्रेनिंग अकादमियों में सिखाए गए बेसिक हथियार हैंडलिंग ड्रिल का पालन न करना
ऐसी लापरवाह कार्रवाई से स्वंय या दूसरों को मौत या चोट पहुंच सकती है
कुल मिलाकर, जिम्मेदारी के बिना सत्ता का काला प्रदर्शन
ऐसी अनुशासनहीनता के कार्यों की पुनरावृत्ति से बचने के लिए उचित रूप से दंडित किया जाना चाहिए
सेना के वरिष्ठ अधिकारी रहे हैं ढिल्लों
पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल ढिल्लों ने बिंदुवार तरीके से एसपी अंकिता शर्मा पर सवाल उठाए हैं। केजेएस ढिल्लों ने लंबे समय तक सेना में काम किया है। दिसंबर 1983 में उन्होंने राजपूताना राइफल्स में कमीशन प्राप्त किया था। जम्मू कश्मीर में लंबे समय तक काम किया है। वह सेना से 2022 में रिटायर हुए थे।
राजनांदगांव की एसपी हैं अंकिता शर्मा
गौरतलब है कि अंकिता शर्मा 2018 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं। वह छत्तीसगढ़ में तैनात हैं। कई नक्सल ऑपरेशन को भी अंकिता शर्मा ने लीड किया है। सोशल मीडिया पर भी वह काफी एक्टिव रहती हैं।




