असंतुलित होकर बाइक सवार गिरा, अंदरूनी चोट लगने से हुई मौत, पत्थलगांव थानाक्षेत्र के ग्राम खारढोढ़ी का मामला
पत्थलगांव। पत्थलगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम खारढोढ़ी हाईस्कूल के पास सामने युवक का मोटरसाइकिल असंतुलित हो गया और वह सड़क किनारे गिर गया, इस हादसे में बाइक सवार 24 वर्षीय युवक की मृत्यु हो गई। परिजनों की सूचना पर पत्थलगांव पुलिस मर्ग कायम कर जांच में जुट गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार परिजनों ने पत्थलगांव थाने में आकर रिपोर्ट दर्ज कराया कि ग्राम खारढोढी में कार्तिक माह के उपलक्ष्य में ग्रामीणों ने गणेश पूजा आयोजन किये हैं और गणेश पंडाल की स्थापना खारढोढी हाईस्कूल के पास किया जायेगा। बीते दिन दिनांक 15 11-2026 की रात करीब 8.00 बजे गणेश पूजा के सबंध में गांव वाले बैठक रखे थे। इसी बैठक में मृतक पंकज सिदार पिता लच्छन सिदार उम्र 24 वर्ष जुनापारा निवासी भी शामिल होने घर से खाना खाकर आया था। वापसी के दौरान पंकज अपनी HF डिलक्स मोटर सायकल क्रमांक CG13BA3071 में अकेले घर वापस जा रहा था, तभी रात करीब 10.00 बजे गांव के सरपंच मृतक के घर फोन किया और बताया कि तुम्हारा भाई पंकज सिदार खुद से मोटर सायकल चलाकर घर जाते समय खारढोढी हाईस्कूल के पास एक्सीडेंट कर दिया है, रोड किनारे बेहोश पड़ा है। सूचना पाकर परिजन हाईस्कूल के पास पहुंचे तो देखा कि पंकज सिदार बेहोश पड़ा था और मोटर सायकल भी क्षतिग्रस्त हालत में वहीं पर पड़ा था। तभी 108 एम्बुलेंस को बुलाकर ईलाज के लिए पत्थलगांव के सिविल अस्पताल लेकर आये जहां पर चिकित्सकों ने जांच करने के बाद पंकज सिदार को मृत घोषित कर दिया।



