मुख्यमंत्री आज सोमवार को करेंगे अम्बिकापुर दौरा, वीरांगना महारानी दुर्गावती बलिदान दिवस विचार गोष्ठी में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार 24 जून को अम्बिकापुर के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री सुबह 11.15 बजे राजधानी रायपुर के पुलिस ग्राउण्ड हेलीपेड से अम्बिकापुर के लिए रवाना होंगे। यहां पर वे 12.30 बजे राजमोहिनी देवी सभा भवन में आयोजित वीरांगना महारानी दुर्गावती बलिदान दिवस परिचर्चा विचार गोष्ठी में हिस्सा लेंगे। अपरान्ह 4 बजे मुख्यमंत्री पीजी कॉलेज ग्राउण्ड अम्बिकापुर से रवाना होकर 5.10 बजे रायपुर लौट आएंगे।
सुकमा जिले में आईईडी ब्लास्ट में दो जवानों की शहादत को मुख्यमंत्री ने किया नमन
सुकमा जिले के टेकलगुड़ेम में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी ब्लास्ट में दो कोबरा जवानों की शहादत को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने नमन किया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत जवानों की आत्मा की शांति और परिजनों को संबल प्रदान की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में चल रहे नक्सल उन्मूलन अभियान से नक्सली हताश हैं और विचलित होकर ऐसी कायराना हरकतों को अंजाम दे रहे हैं। जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। नक्सलवाद के खात्मे तक हम चुप नहीं बैठेंगे।