पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का गुरुवार को 92 साल की उम्र में हुवा निधन
उनके निधन के बाद देश में सात दिवस के राष्ट्रीय शोक की घोषणा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर किया दुःख व्यक्त
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का गुरुवार को 92 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्हें गुरुवार शाम को तबीयत बिगड़ने के बाद गंभीर हालत में एम्स दिल्ली में भर्ती कराया गया था। मनमोहन सिंह ने एम्स के आपातकालीन विभाग में अंतिम सांस ली। उनके निधन के बाद देश में सात दिवस के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की गई है। मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर दिल्ली स्थित आवास पर लाया गया है। शनिवार को सुबह 11 बजे उनका अंतिम संस्कार होगा।
दिल्ली एम्स ने आधिकारिक बयान जारी कर इसकी पुष्टि की। वह उम्र संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे और 26 दिसंबर को वह घर पर बेहोश हो गए थे। घर पर उन्हें तत्काल उपचार दिया गया। गुरुवार को ही शाम 8.06 बजे एम्स के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। बावजूद उनके स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ। रात 9.51 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उनके एम्स में भर्ती किए जाने की सूचना के बाद प्रियंका गांधी और पार्टी लाइन से अलग अन्य नेता भी शाम को एम्स दिल्ली पहुंच गए थे।
सिंह इस साल की शुरुआत में राज्यसभा से सेवानिवृत्त हुए थे। मनमोहन सिंह 1991-96 के दौरान पीवी नरसिम्हा राव के नेतृत्व वाली सरकार में देश के वित्त मंत्री के रूप में प्रमुखता से उभरे थे।वे अर्थव्यवस्था को बदलने वाले व्यापक सुधार लाए थे। यूपीए के दो कार्यकाल के प्रधानमंत्री के रूप में, वह 2004 और 2014 तक शीर्ष पद पर रहे और इस साल की शुरुआत तक राज्यसभा के सदस्य के रूप में कार्य किया।
मनमोहन सिंह, 2004 में देश के 14वें प्रधानमंत्री बने थे। उन्होंने मई 2014 तक इस पद पर दो कार्यकाल पूरे किए थे। वे देश के पहले सिख और सबसे लंबे समय तक रहने वाले चौथे प्रधानमंत्री थे।मनमोहन सिंह के निधन के चलते केंद्र सरकार ने 7 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। सुबह 11 बजे कैबिनेट मीटिंग बुलाई गई है। साथ ही शुक्रवार को होने वाले सभी कार्यक्रम कैंसिल कर दिए गए हैं।
राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे बेलगावी से देर रात दिल्ली पहुंचने के बाद सीधे मनमोहन सिंह के आवास गए थे। राहुल ने X पर लिखा- मैंने अपना मार्गदर्शक और गुरु खो दिया। इस बीच, कर्नाटक के बेलगावी में चल रही कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) मीटिंग रद्द कर दी गई। कांग्रेस स्थापना दिवस से जुड़े आयोजन भी कैंसिल हो गए हैं। पार्टी के इवेंट 3 जनवरी के बाद शुरू होंगे।
आधा झुका रहेगा राष्ट्र ध्वज
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने देश भर में सात दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। इस दौरान पूरे भारत में राष्ट्र ध्वज आधा झुका रहेगा। सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को भेजे गए पत्र में गृह मंत्रालय ने यह भी कहा कि सिंह का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा और राष्ट्रीय शोक के दौरान कोई आधिकारिक मनोरंजन कार्यक्रम नहीं होगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर किया दुःख व्यक्त
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री, प्रख्यात अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह जी अर्थशास्त्र के उन दिग्गजों में से एक थे, जो देश के वित्त मंत्री, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के गवर्नर और योजना आयोग के प्रमुख जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहे। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों और शुभचिंतकों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।