गुरुकुल महाविद्यालय पत्थलगांव के रासेयो के छात्र छात्राओं ने पंजाब में आये बाढ़ के पीड़ितों की सहायता के लिए नगर में किया धन संग्रह
पत्थलगांव। बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए जहां सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है। इसके साथ ही पत्थलगांव गुरुकुल महाविद्यालय के एनएसएस ईकाई की ओर से शुक्रवार को नागरिकों एवम व्यपारिक प्रतिष्ठानों तक पहुंच कर पंजाब के बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए धन संग्रह किया। विद्यार्थियों ने बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए लोगों से सहयोग राशि की मांग की। उन्होंने बताया कि सहायता निधि एकत्र करने के लिए अभियान चलाए हैं और लोगों से दान करने का आग्रह किया है। इसके लिए महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने इनका नेतृत्व किया।
बता दें कि पंजाब सहित अन्य राज्य में आई भीषण बाढ़ त्रासदी ने भारी तबाही मचाई है। इस बाढ़ से पंजाब में 1400 गांव जलमग्न हो गए हैं और करीब 1,48,590 हेक्टेयर कृषि भूमि पर खड़ी फसल नष्ट हो गई है। खासकर धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। इस आपदा से पंजाब की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। इस कारण यहां के रासेयो के छात्रों ने सहायता निधि एकत्रित करने का अभियान शुरू किया।
जारी पत्र के अनुसार जिले के समस्त रा से यो कार्यक्रम अधिकारी को सूचित किया जाता हैं, कि पंजाब के बाढ़ पीड़ित लोगों के आर्थिक सहयोग के लिए स्वयं सेवकों को अधिकारी/कर्मचारियों आम जनता से दान राशि लेकर जिला संगठक या कार्यक्रम समन्वयक के पास दिनांक 14 सितंबर तक उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। छात्र-छात्राओं और प्राध्यापकों ने भी बिना किसी झिझक या संकोच के हाथ में डिब्बा लेकर लोगों से सहयोग करने का आग्रह किया।
यहां के प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें गर्व है कि ये गुरुकुल महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि इसी तरह सच्चे नागरिक की भूमिका निभाने के लिए हमेंशा तैयार रहें। राष्ट्र निर्माण में आपकी सशक्त भूमिका होनी चाहिए। इसी से आपकी ओर महाविद्यालय की पहचान बनेगी।




