छत्तीसगढ़ में इस साल चावल उत्सव 20 फरवरी को किया जायेगा आयोजित
योजना के तहत प्रदेश की करीब 14 हजार राशन दुकानों में एक साथ 2 माह का किया जायेगा चावल का वितरण
रायपुर। छत्तीसगढ़ में इस साल चावल उत्सव 20 फरवरी को आयोजित किया जाएगा। हर वर्ष 7 फरवरी को होने वाला यह कार्यक्रम इस बार देरी से हो रहा है। खाद्य विभाग के अनुसार FRK (फोर्टिफाइड राइस कर्नेल) टेंडर प्रक्रिया में विलंब के कारण तारीख आगे बढ़ानी पड़ी। अब सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और राज्यव्यापी वितरण की योजना बनाई गई है।
सरकार की योजना के तहत प्रदेश की करीब 14 हजार राशन दुकानों में एक साथ चावल का वितरण किया जाएगा। खास बात यह है कि इस बार हितग्राहियों को फरवरी और मार्च, दोनों माह का चावल एक साथ मिलेगा। इससे लोगों को बार-बार राशन दुकान नहीं जाना पड़ेगा। साथ ही, वितरण प्रक्रिया भी ज्यादा सुव्यवस्थित रहेगी।
अधिकारियों का कहना है कि टेंडर प्रक्रिया में देरी के कारण CG Rice Festival 2026 तय समय पर नहीं हो सका। FRK (फोर्टिफाइड राइस कर्नेल) की आपूर्ति से जुड़े टेंडर समय पर फाइनल नहीं हो पाए थे। अब सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं और 20 फरवरी को राज्यव्यापी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
फिलहाल प्रदेश की करीब साढ़े 6 हजार राशन दुकानों में नियमित रूप से चावल का वितरण जारी है। बाकी दुकानों में भी स्टॉक पहुंचाने की प्रक्रिया चल रही है, ताकि उत्सव के दिन किसी तरह की परेशानी न हो। खाद्य विभाग ने जिला अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वितरण व्यवस्था सुचारू रहे और हितग्राहियों को किसी तरह की असुविधा न हो।
चावल उत्सव राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं में से एक है। इस आयोजन के माध्यम से पात्र परिवारों को रियायती दर पर चावल उपलब्ध कराया जाता है। हर साल 7 फरवरी को यह कार्यक्रम बड़े स्तर पर आयोजित किया जाता रहा है, लेकिन इस बार प्रशासनिक कारणों से तारीख में बदलाव किया गया है।



