भाजपा नेता के संरक्षण में हो रही अफीम की खेती के मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई, भाजपा नेता सहित 3 गिरफ्तार
मामला तुल पकड़ने के बाद भाजपा पार्टी ने किया निलंबित, कांग्रेस ने बीजेपी सरकार पर किया जमकर हमला
फार्महाउस के चारों ओर लगे थे गेट, सुरक्षा के लिए बाउंसर भी थे तैनात
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के समोदा-झेंझरी गांव में अफीम की खेती के मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। इसमें शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इनमें भाजपा नेता विनायक ताम्रकार भी शामिल हैं, जिन पर आरोप है कि उनकी देखरेख में ही यह खेती हो रही थी। वहीं मामला तुल पकड़ने के बाद पार्टी ने उन्हें निलंबित कर दिया है। इतना ही नहीं प्रदेश की सियासत भी गरमा गई है। कांग्रेस ने बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला है।
दरअसल, गांव के सरपंच अरुण गौतम की शिकायत पर पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की और जिला प्रशासन को सूचना दी। दुर्ग कलेक्टर सहित चार विभागों की टीम मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि लगभग 6 एकड़ जमीन पर अफीम की खेती हो रही है। यह जमीन शिवनाथ नदी के किनारे है, जो समोदा गांव के विनायक ताम्रकार और उनके परिवार के नाम पर है। इसी से सटी हुई 11 एकड़ जमीन में से 6 एकड़ भूमि पर अफीम उगाई जा रही थी, जो दो महिलाओं प्रीतिबाला ताम्रकार और मधुबाला ताम्रकार के नाम पर रजिस्टर्ड है। ये महिलाएं विनायक की रिश्तेदार हैं और कई सालों से दूसरे शहर में रहती हैं। उन्होंने अपनी जमीन की देखभाल के लिए विनायक को सौंप रखी थी।
मौके पर जांच में पता चला कि आरोपियों ने चालाकी से पहले मक्का बोया था और उसके बीच में अफीम की खेती की थी। अफीम के 10-15 प्रतिशत पौधों पर चीरा लगाने के निशान थे, जिससे पता चलता है कि उनसे मॉर्फिन युक्त नशीला पदार्थ निकाला गया था। बाकी 80 प्रतिशत पौधे अभी फूल आने या बढ़ने की अवस्था में थे। जांच से यह भी सामने आया कि यह खेती विनायक ताम्रकार की निगरानी में हो रही थी। विनायक पूर्व में भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष रह चुके हैं और वर्तमान में राइस मिल प्रसंस्करण प्रकल्प के प्रदेश संयोजक हैं।
मीडिया में खबर आने के बाद राजनीति गर्म हो गई। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ समोदा गांव पहुंचे और अफीम की खेती का निरीक्षण किया। इसी बीच भाजपा ने विनायक ताम्रकार को पार्टी से निलंबित कर दिया। पुलिस जांच में पता चला कि राजस्थान के किसान विकास बिश्नोई, जो सालों से कपास की खेती करता है, उसकी देखरेख में यह अफीम उगाई जा रही थी। वही एक आरोप मनीष ठाकुर इस फार्म हाउस में मुनीम के रूप में काम करता था। वहीं फरार आरोपी अचला राम जाट ने अफीम के बीज लाए थे।
भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा नेता का फार्महाउस करीब 150 एकड़ में फैला हुआ है, जिसमें चारागाह की भूमि भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी का सांसद, विधायक और कलेक्टर के साथ उठना बैठना है, जिसके चलते प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की। उन्होंने सवाल पूछा है कि इस अवैध खेती में कौन कौन मंत्री विधायक शामिल था, सरकार बताए।
समोदा और झेनझरी के बीच स्थित फार्महाउस से करीब 5 एकड़ 62 डिसमिल क्षेत्र में लगे अफीम के पौधे जब्त किए गए हैं। खेत से करीब 14 लाख 30 हजार पौधे बरामद किए गए हैं। जब्त पौधे की कीमत करीब 7.88 करोड़ रुपए आंकी गई है। पुलिस भू-स्वामी मुधमति बाला और प्रीति बाला से भी पूछताछ करेगी। जांच में सामने आया है कि राजस्थान के मजदूर ही काम संभाल रहे थे। इसके अलावा आरोपियों ने सुरक्षा के लिए बाउंसर भी तैनात किए गए थे।
फार्महाउस के चारों ओर गेट लगाए गए थे, जिससे आम लोगों का अंदर जाना लगभग असंभव था। डिजिटल सर्वे में फार्महाउस में गेहूं और मक्का की खेती दिखाई गई थी। उसी की आड़ में अफीम उगाई जा रही थी।
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अफीम की खेती करते पकड़े जाने पर भाजपा नेता विनायक ताम्रकर निलंबित कर दिया है। पार्टी की छवि धूमिल करने के मामले में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह देव के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। विनायक ताम्रकर राइस मिल प्रसंस्करण प्रकल्प किसान मोर्चा के प्रदेश संयोजक थे। प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मारकण्डेय ने निलंबन का आदेश जारी किया है।





