युवाओं में महंगी और तेज रफ्तार बाइकों का बढ़ता क्रेज अब हो रहा जानलेवा साबित
तेज स्पीड का जुनून ने लिया एक 55 वर्षीय अधेड़ की जिंदगी, पत्थलगांव पुलिस मर्ग कायम कर कार्रवाई में जुटी
पत्थलगांव। युवाओं में महंगी और तेज रफ्तार बाइकों का बढ़ता क्रेज अब जानलेवा साबित हो रहा है। एक बार फिर स्पीड का जुनून एक 55 वर्षीय अधेड़ की जिंदगी ले गया। सूचना पर पत्थलगांव पुलिस मर्ग कायम कर विवेचना में जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अन्नु सिदार उम्र करीब 20 वर्ष निवासी ग्राम बहनाटांगर अपने पल्सर 125 बाइक क्रमांक CG14MW/1295 से पत्थलगांव आया था। तभी रायगढ़ रोड से वापसी के दौरान चालक अपने वाहन को बहुत तेज गति एवं लापरवाही पूर्वक खतरनाक ढंग से चलाते हुए रायगढ़ रोड़ icici बैंक के पास मेन रोड में गोविंद लहरे पिता रंगु लहरे 55 वर्ष निवासी अम्बेडकर नगर पत्थलगांव को टक्कर मार दी। जिससे उनके सिर में चोट व पैर की हड्डी टूट गई। जिसे उपचार हेतु पत्थलगांव के सिविल अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों कि सूचना पर पुलिस मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई में जुट गई।
इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और असावधानी की कीमत को उजागर कर दिया है। वहीँ आजकल नगर के सड़कों पर तेज गति से बाइक सवार अपनी वाहन को चलाते तो कभी मोडिफाइड साइलेंसर लगाकर कान फोड़ू आवाज निकालते हुए बाइक दौड़ते ओर करतब दिखाते नजर आते हैं। ऐसे युवाओं पर नकेल कसने के लिए पत्थलगांव पुलिस पुरी तरह से विफल नजर आ रही है। नगर में ऐसे बाइक चालकों के ऊपर जरा भी कानूनी दबाव या कानून का डर नहीं के समान दिखाई देता है। जिससे इनका हौसला आसमान पर है और खुलेआम तेज रफ्तार बाइक चलाते हुए दिखाई पड़ते हैं। पुलिस को चाहिए कि ऐसे लोगों को पड़कर चालानी कार्यवाही करें तभी नगरवासियों को इनसे निजात मिल सकती है।



