UPSC ने सिविल सर्विस एग्जाम 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी, छत्तीसगढ़ के 7 युवाओ ने मारी बाजी
इस उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि पूरे प्रदेश में खुशी और गर्व का बना माहौल
UPSC ने सिविल सर्विस एग्जाम 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। छत्तीसगढ़ के 7 युवाओ ने इस परीक्षा में बाजी मारी है। राजधानी रायपुर से वैभवी अग्रवाल, रौनक अग्रवाल और संजय डहरिया शामिल है। इनके इस उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि पूरे प्रदेश में खुशी और गर्व का माहौल है। इस तरह यूपीएससी के इस परिणाम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि छत्तीसगढ़ के युवा अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर देश के सर्वोच्च प्रशासनिक पदों तक पहुंचने की क्षमता रखते हैं।
गुढ़ियारी की रहने वाली वैभवी अग्रवाल ने 35वां रैंक हासिल किया है। ये उनका तीसरा प्रयास था। वहीं मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के जनकपुर की दर्शना सिंह बघेल ने दूसरे प्रयास में 383वीं रैंक हासिल किया है। वे आईपीएस बनेंगी। वैभवी और दर्शना दोनों इंजीनियरिंग बैकग्राउंड से हैं।
धमतरी जिले के डीएसपी डायमंड सिंह ने 623 रैंक लाया है। डायमंड सिंह छत्तीसगढ़ राज्य पुलिस सेवा के 2024 बैच के अधिकारी हैं। वहीं, रायगढ़ जिले के संबलपुरी में रहने वाले अजय गुप्ता भी 452 रैंक के साथ चयनित हुए हैं। बलरामपुर के विपुल गुप्ता 103वीं रैंक पर है।
वैभवी अग्रवाल की सफलता को युवाओं के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है। उनकी मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ने यह साबित कर दिया कि सही योजना और लगातार प्रयास से कठिन से कठिन परीक्षा भी जीती जा सकती है। उनकी उपलब्धि के बाद विद्यार्थियों और शिक्षकों में भी उत्साह देखा जा रहा है।
वहीं मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के जनकपुर की रहने वाली दर्शना सिंह ने भी यूपीएससी परीक्षा में 383वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। दर्शना ने सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपनी पढ़ाई जारी रखी और सफलता हासिल कर क्षेत्र के युवाओं के लिए नई प्रेरणा बन गईं।



