जशपुर पुलिस को मिले 13 नए प्रशिक्षु उप निरीक्षक, जिले के विभिन्न थानों में शुरू होगा व्यवहारिक प्रशिक्षण
डी आई जी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह ने प्रशिक्षु उप निरीक्षकों की, विभिन्न थानों में की तैनाती
प्रशिक्षु उप निरीक्षक, मैदानी स्तर पर पुलिस की कार्यप्रणाली के विभिन्न व्यावहारिक पहलुओं का करेंगे अध्ययन
जशपुर, 01 जून। पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़, नवा रायपुर अटल नगर के आदेशानुसार जशपुर जिले को 13 प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को मैदानी प्रशिक्षण एवं जिला स्तरीय व्यवहारिक प्रशिक्षण हेतु जशपुर जिले में आबंटित किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह द्वारा जारी आदेश के तहत सभी प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पदस्थ कर उनके प्रशिक्षण की रूपरेखा निर्धारित कर दी गई है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षु उप निरीक्षक जिले के विभिन्न थानों में रहकर पुलिस कार्यप्रणाली के व्यावहारिक पहलुओं का गहन अध्ययन करेंगे तथा अनुभवी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के मार्गदर्शन में कार्य करेंगे।
प्रशिक्षण का उद्देश्य उन्हें कानून-व्यवस्था संधारण, अपराध विवेचना, जनसंपर्क, पुलिस प्रशासन एवं फील्ड पुलिसिंग की बारीकियों से अवगत कराना है।
जारी आदेश के अनुसार प्रशिक्षु उप निरीक्षक संतोष कुमार चौरसिया को थाना तपकरा, राजकुमार को थाना कांसाबेल, नीलमणी निषाद को थाना कुनकुरी, जय प्रकाश को थाना पत्थलगांव, संतोष कुमार वर्मा को थाना नारायणपुर, शेखर सिंह राजपूत को थाना लोदाम, जितेंद्र साहू को थाना जशपुर, शेषनारायण दीवान एवं माधुरी वर्मा को थाना बगीचा, मोहन लाल मरकाम को थाना बागबहार, देविका लक्ष्मी मरकाम को थाना कुनकुरी तथा विम्बलेश्वरी मरकाम को थाना जशपुर में प्रशिक्षण हेतु पदस्थ किया गया है।
नेताजी सुभाषचंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी, चंदखुरी द्वारा निर्धारित प्रशिक्षण कार्यक्रम के अनुसार प्रशिक्षु अधिकारियों को बेसिक पुलिसिंग,बीट आरक्षक, संत्री ड्यूटी, रात्रिकालीन गश्त, सिटी पेट्रोलिंग, मुलजिम पेशी, मालमुंशी, कोर्ट मुहर्रिर, आरक्षक मोहरीर (मददगार), प्रधान आरक्षक गश्ती तथा प्रधान आरक्षक मोहरीर जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके माध्यम से प्रशिक्षु अधिकारी पुलिस विभाग के प्रत्येक कार्य को नजदीक से समझ सकेंगे तथा भविष्य में बेहतर पुलिस अधिकारी के रूप में अपनी भूमिका निभाने के लिए तैयार होंगे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर विशेष बल देते हुए संबंधित थाना प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों को प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को समुचित मार्गदर्शन प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी प्रशिक्षुओं को निर्धारित प्रारूप में मासिक अटैचमेंट रिपोर्ट प्रस्तुत करना अनिवार्य किया गया है।
डी आई जी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह ने कहा कि यह व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रशिक्षु अधिकारियों के व्यक्तित्व एवं पेशेवर दक्षता के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा उन्हें आमजन की अपेक्षाओं के अनुरूप संवेदनशील, सक्षम एवं जिम्मेदार पुलिस अधिकारी बनने में सहायता प्रदान करेगा।




