दो अलग अलग घटनाओं में 3 कार क्षतिग्रस्त, कार सवारों को आई चोटें
करूमहुआ में दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत, दूसरी घटना में कार चालक ने मारी दीवार को टक्कर
पत्थलगांव। पत्थलगांव थानाक्षेत्र व सीतापुर थानाक्षेत्र में दो अलग अलग घटनाओं में 3 कार क्षतिग्रस्त हो गई है। वहीं कार सवारों को चोटें आई है।
पहली घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर पत्थलगांव थाना क्षेत्र के करुमहुआ के समीप मंगलवार की दोपहर 12 बजे दो कारों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद एक ब्रेजा कार उछलकर सड़क किनारे खेत में जा गिरी। दुर्घटना में दोनों वाहनों में सवार चार लोगों को मामूली चोटें आई हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक कार का स्टेयरिंग जाम हो जाने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे सामने से आ रही दूसरी कार से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
गुतूरमा में चारदीवारी से टकराई तेज रफ्तार कार, चार सवार बाल-बाल बचे
दुसरी घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर सीतापुर थाना क्षेत्र के गुतुरमा के समीप मंगलवार को एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी चारदीवारी से जा टकराई। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि कार में सवार लोगों को मामूली चोटें आईं। प्राप्त जानकारी के अनुसार कार सवार कोतबा के गोलियागढ़ में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर उदयपुर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में चालक को नींद की झपकी आने से कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित चारदीवारी से जा भिड़ी। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कार सवारों को बाहर निकाला। हादसे में सभी लोग सुरक्षित बच गए तथा उन्हें केवल मामूली चोटें आईं। दुर्घटना के बाद कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण चालक को आई नींद की झपकी बताया जा रहा है।





