जशपुर में आकाशीय बिजली का कहर, देशदेखा में पर्यटकों के ऊपर गिरी बिजली एक की मौत दो घायल
जशपुरनगर -जिले के महत्वपूर्व पर्यटन स्थल देशदेखा में 19 जुलाई 2026 को लगभग शाम 4:30 बजे किनकेल घाट के समीप आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसके साथ पहुंचे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। शनिवार को मौसम विभाग ने जिले में आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी थी। उसके 20 घंटे बाद आकाशीय बिजली गिरने की घटना घटी।
मृतक गौरव खलखो (25 वर्ष), निवासी ग्राम भुरसा, थाना कुनकुरी अपने साथियों के साथ कार से पिकनिक मनाने देशदेखा क्षेत्र गए थे। अचानक तेज गर्जना, बिजली चमकने एवं हल्की बारिश शुरू होने के बाद बारिश कम होने पर सभी साथी फोटो खिंचवाने के लिए खुले मैदान में उतर गए। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से गौरव खलखो उसकी चपेट में आ गया और बेहोश हो गया। साथियों द्वारा तत्काल निजी वाहन से जिला अस्पताल जशपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना में आशीष प्रजापति और दानिश खान गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना पर थाना जशपुर द्वारा मर्ग कायम कर वैधानिक कार्यवाही प्रारंभ की गई है। प्रारंभिक जांच में मृत्यु का कारण आकाशीय बिजली (वज्रपात) की चपेट में आना पाया गया है।
बारिश में बिजली गिरने का जोखिम बढ़ जाता है। बारिश के दौरान पहाड़ी ओर ऊंचे इलाके में बिजली गिरने की आशंका ज्यादा रहती है। छोटी सी चूक के कारण बड़ा हादसा हो जाता है। मौसम के अनुसार ही यात्रा करें, या घूमने जायें। अगर बारिश शुरु हो जाए तो सुरक्षित स्थान पर शरण लें। क्योंकि, मौसम के विपरीत जाकर यात्रा करना घातक हो सकता है।




