छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2025 का परिणाम आधिकारिक रूप से किया जारी
265 विभिन्न प्रशासनिक पदों पर भर्ती के लिए आयोग ने 608 अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए किया चयन
नवा रायपुर। प्रदेश के छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2025 का परिणाम आधिकारिक रूप से जारी कर दिया है। प्रदेश के 265 विभिन्न प्रशासनिक पदों पर भर्ती के लिए आयोजित इस परीक्षा के आधार पर आयोग ने 608 अभ्यर्थियों को अगले चरण यानी इंटरव्यूके लिए चयन किया है। चयनित अभ्यर्थियों की सूची आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। अभ्यर्थी अपना नाम और रोल नंबर देखकर परिणाम की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
बता दें कि राज्य सेवा मुख्य परीक्षा (CGPSC)-2025 की लिखित परीक्षा 6, 7, 8 और 9 जून 2026 को निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। अब इसके परिणाम जारी करते हुए 608 उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए चुना गया है। साक्षात्कार के लिए चिन्हित सभी अभ्यर्थियों को विज्ञापित पदों की अग्रमान्यता आयोग की वेबसाइट से ऑनलाइन दर्ज करनी होगी। अग्रमान्यता दर्ज करने की तारीख आयोग अलग से जारी करेगा। चयन प्रक्रिया का अगला चरण यानी इंटरव्यू 21 सितंबर से शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
आयोग ने चयनित अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध सूचनाओं को नियमित रूप से देखते रहें। आगे की प्रक्रिया, दस्तावेज सत्यापन और अन्य आवश्यक निर्देश आयोग की ओर से समय समय पर जारी किए जाएंगे। इंटरव्यू के लिए चयनित सभी 608 अभ्यर्थियों को अपने आवश्यक मूल दस्तावेज और प्रमाण पत्र तैयार रखने की सलाह दी जाती है।
मुख्य परीक्षा के परिणाम के साथ आयोग ने चयनित अभ्यर्थियों के क्रमांक, आवेदन क्रमांक और जन्मतिथि सहित सूची प्रकाशित की है। सूची में प्रदेश के अलग अलग जिलों और क्षेत्रों से अभ्यर्थियों के नाम शामिल हैं। परिणाम जारी होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों में आगे की प्रक्रिया को लेकर उत्साह है।
अभ्यर्थी अपना परिणाम देखने के लिए छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की वेबसाइट पर जा सकते हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा और चयन प्रक्रिया से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण सूचनाएं आधिकारिक माध्यम से ही जारी की जाएंगी। इसलिए अभ्यर्थियों को किसी अनधिकृत सूचना पर भरोसा करने के बजाय आयोग की वेबसाइट पर प्रकाशित निर्देशों को प्राथमिकता देने की सलाह दी गई है।




