राज्य सरकार ने सत्र 2026-27 के लिए महाविद्यालयों में प्रवेश की अंतिम तिथि 19 सितंबर तक बढ़ाई
रायपुर। प्रदेश के कॉलेजों में प्रवेश से वंचित छात्र-छात्राओं के लिए राहत की खबर है। राज्य सरकार ने सत्र 2026-27 के लिए महाविद्यालयों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब विद्यार्थी 19 सितंबर तक कालेजों में प्रवेश ले सकेंगे। इससे बीए, बीएससी, बीकाम सहित अन्य स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थियों को एक और अवसर मिलेगा।
उच्च शिक्षा विभाग ने इस संबंध में मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर से आधिकारिक आदेश जारी किया है। इससे पहले सत्र 2026-27 के लिए कॉलेजों में प्रवेश की अंतिम तारीख 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई थी। विद्यार्थियों की ओर से लगातार प्रवेश की तारीख बढ़ाने की मांग की जा रही थी। साथ ही प्रदेश के कई शैक्षणिक संस्थानों में सीटें रिक्त होने की स्थिति को देखते हुए सरकार ने प्रवेश अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया।
उच्च शिक्षा संचालनालय की ओर से शिक्षा आयुक्त ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार कालेजों में उपलब्ध रिक्त सीटों पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रवेश दिया जा सकेगा। इससे उन विद्यार्थियों को राहत मिलेगी, जो किसी कारणवश पूर्व निर्धारित समय सीमा में प्रवेश नहीं ले पाए थे।
उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को लेकर प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि किसी भी इच्छुक और योग्य विद्यार्थी का एक साल केवल प्रवेश नहीं मिल पाने की वजह से खराब न हो, इसी सोच के साथ प्रवेश की अंतिम तारीख बढ़ाई गई है। मंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों की मांग और छात्रहित को ध्यान में रखते हुए सरकार ने संवेदनशीलता के साथ इस विषय पर विचार किया। प्रवेश की तारीख बढ़ने से अब ऐसे विद्यार्थियों को भी कॉलेज में दाखिला लेने का अवसर मिलेगा, जो पहले तय समय सीमा के भीतर प्रवेश नहीं ले पाए थे।
राज्य सरकार के इस फैसले से रिक्त सीटों का उपयोग भी हो सकेगा और इच्छुक विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से जुड़ने का अतिरिक्त अवसर मिलेगा। अब विद्यार्थियों को तय समय सीमा के भीतर संबंधित कॉलेज में संपर्क कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी।



