हार्ट की सर्जरी कराने के लिए जशपुर से रायपुर गये आरक्षक ने अस्पताल की पहली मंजिल से लगाई छलांग, इलाज के दौरान हुई मौत
रायपुर। राजधानी रायपुर में हार्ट का इलाज कराने आये जशपुर के एक आरक्षक ने निजी अस्पताल की पहली मंजिल से कूदकर खुदकुशी कर ली। कूदने के बाद गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल के आइसीयू में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान शुक्रवार को उनकी मौत हो गई।
उक्त घटना पंडरी थाना क्षेत्र की है। मिली जानकारी के मुताबिक, आरक्षक देव नारायण सिंह जशपुर में पदस्थ थे और हार्ट के उपचार के लिए रायपुर के मोवा स्थित बालाजी अस्पताल पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि दो दिन बाद ही आरक्षक के हार्ट का ऑपरेशन होना था, इससे पहले ही बीमारी से परेशान होकर उसने अस्पताल की पहली मंजिल से छलांग लगा दी। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल के कर्मचारियों ने आनन-फानन में आरक्षक को गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती कराया, जहां पर उनका उपचार चल रहा था। लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पंडरी पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आरक्षक देव नारायण सिंह ने ऐसा आत्मघाती कदम क्यों उठाया और घटना से पहले उनके साथ क्या कुछ हुआ था। इसका पता अभी नहीं चल पाया है। घटना को लेकर पुलिस मृतक कांस्टेबल के परिजनों और अस्पताल के कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है।



