धरमजयगढ़ में आज 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की 151 वीं जयंती पर किया जा रहा जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन

Breaking Posts

6/trending/recent
Type Here to Get Search Results !

धरमजयगढ़ में आज 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की 151 वीं जयंती पर किया जा रहा जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन

धरमजयगढ़ में आज 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की 151 वीं जयंती पर किया जा रहा जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन

राज्यसभा सांसद नितिन नवीन और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय होंगे शामिल, राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का पहला दौरा

जनजातीय गौरव सम्मेलन की सुरक्षा के लिए 900 पुलिस अधिकारी-व जवानों की तैनाती

सर्व आदिवासी समाज ने इसे जनजातीय गौरव दिवस के बजाय राष्ट्रीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की करी मांग, विरोध के स्वर तेज



छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में भगवान बिरसा मुंडा की 151 वीं जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन किया जा रहा है। सुबह 10 बजे से होने वाले इस आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अध्यक्षता करेंगे, जबकि राज्यसभा सांसद नितिन नवीन मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित प्रदेश के कई मंत्री व सांसद शामिल होंगे। समारोह में जनजातीय समाज के गौरव, इतिहास और संस्कृति को प्रदर्शित किया जाएगा।

सुबह 8.30 बजे पटना एयरपोर्ट से विशेष विमान से रवाना, सुबह 9:40 बजे रायगढ़ के चिराईपानी स्थित ओपी जिंदल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। सुबह 9:55 बजे हेलीकॉप्टर से धरमजयगढ़ के लिए रवाना। सुबह 10:20 बजे धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान पहुंचेंगे। सुबह 10:30 से दोपहर 12 बजे तक जनजातीय गौरव सम्मेलन में शामिल होंगे। दोपहर 12:10 बजे हेलीकॉप्टर से रायगढ़ के लिए रवाना। दोपहर 12:35 बजे ओपी जिंदल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। दोपहर 12:50 बजे विशेष विमान से पटना के लिए रवाना होंगे।

नितिन नवीन और स्मृति ईरानी के इस दौरे को राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व संभालने के बाद उनका यह पहला छत्तीसगढ़ दौरा होगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आमंत्रण पर वे प्रदेश पहुंचेंगे। ऐसे में धरमजयगढ़ का यह कार्यक्रम केवल जनजातीय गौरव दिवस का समारोह नहीं, बल्कि राष्ट्रीय नेतृत्व और प्रदेश भाजपा संगठन के बीच संवाद और समन्वय का बड़ा अवसर भी होगा।

कांग्रेस विधायक वाली इस सीट पर राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम को राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है। धरमजयगढ़ रायगढ़ जिले की अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित विधानसभा सीट है। यह क्षेत्र आदिवासी बहुल है और राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जाता है।

यहां कांग्रेस और बीजेपी के बीच मुकाबला लंबे समय से रहा है। पिछले 5 विधानसभा चुनावों के नतीजे देखें तो शुरुआती 2 चुनावों में बीजेपी को सफलता मिली, जबकि उसके बाद कांग्रेस ने लगातार 3 बार जीत दर्ज की।

जनजातीय गौरव दिवस भगवान बिरसा मुंडा की जयंती से जुड़ा आयोजन है, इसलिए इसका सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व है। दूसरी, बीजेपी इस आयोजन को बड़े स्तर पर कर रही है और इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शामिल होंगे। ऐसे में इसका राजनीतिक संदेश भी है। आदिवासी समाज के बीच अपनी पहुंच और संगठन की सक्रियता दिखाने का यह पार्टी के लिए एक अवसर हो सकता है।

भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष

जनजातीय गौरव दिवस का केंद्र भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष और उनका ऐतिहासिक योगदान है। 15 नवंबर 1875 को झारखंड के उलिहातू गांव में जन्मे बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत और शोषणकारी व्यवस्था के खिलाफ आदिवासी समाज को संगठित किया था।

जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए उनके नेतृत्व में हुए उलगुलान ने स्वतंत्रता संघर्ष के इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान बनाया। उनके साथ छत्तीसगढ़ के जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह और वीर गुंडाधुर के योगदान को भी याद किया जाएगा।

‘धरती आबा’ के नाम से विख्यात भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज के अधिकारों और स्वाभिमान के लिए संघर्ष किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने वर्ष 2021 में उनकी जयंती, 15 नवंबर, को हर वर्ष जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था। धरमजयगढ़ के आयोजन में छत्तीसगढ़ के शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर, राजा गेंद सिंह, शहीद झाड़ा सिरहा, हिड़मा माँझी और संत गहिरा गुरु के योगदान को भी याद किया जाएगा।

900 पुलिस अधिकारी-जवानों की तैनाती

जनजातीय गौरव सम्मेलन की सुरक्षा के लिए 900 पुलिस अधिकारी-जवानों की तैनाती की गई है। इनमें 10 ASP और 24 DSP को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। मुख्य कार्यक्रम स्थल पर करीब 250 जवान तैनात रहेंगे। VIP, मीडिया, शासकीय कर्मचारियों और आम नागरिकों के लिए 10 अलग-अलग पार्किंग बनाई गई हैं।

चार कट-ऑफ पॉइंट के साथ अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं। 15 नवंबर की सुबह 4 बजे से धरमजयगढ़ में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर और स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट रखा गया है।

आयोजन में प्रदेश के विभिन्न जनजातीय समाजों के 50 हजार से अधिक लोगों के पहुंचने का अनुमान है। भाजपा ने इसे व्यापक जनभागीदारी वाला आयोजन बनाने की तैयारी की है।


सर्व आदिवासी समाज ने इसे जनजातीय गौरव दिवस के बजाय राष्ट्रीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की करी मांग, विरोध के स्वर तेज

बिरसा मुंडा जयंती पर मनाए जाने वाले जनजातीय गौरव दिवस को लेकर राज्य में विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। सर्व आदिवासी समाज ने इसे जनजातीय गौरव दिवस के बजाय राष्ट्रीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की मांग की है।

इस मुद्दे पर समाज ने 15 नवंबर को मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने की चेतावनी दी है। समाज प्रमुख बीएस रावटे ने कहा कि आदिवासी समाज की पहचान को केवल जनजातीय शब्द तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए। भगवान बिरसा मुंडा का योगदान किसी एक जनजाति तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है।

रावटे ने बताया कि 15 नवंबर को प्रदेशभर में आदिवासी अधिकार दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान पंचायत से जिला स्तर तक ज्ञापन सौंपे जाएंगे। समाज ने प्रदेश के 42 जनजातीय समुदायों से अपने-अपने जिलों में ज्ञापन देने की अपील की है।

बिरसा मुंडा को भारत रत्न देने की मांग

समाज ने भगवान बिरसा मुंडा को भारत रत्न देने, उनके नाम पर केंद्रीय विश्वविद्यालय स्थापित करने और उनके पैतृक गांव उलिहातू में आदमकद प्रतिमा लगाने की मांग की है।


Top Post Ad


 

Below Post Ad

Ads Bottom