सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिये आई बड़ी खुशखबरी
मंडल ने स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर के 10 अलग-अलग पदों पर कुल 1,703 रिक्तियों के लिए किये आनलाइन आवेदन आमंत्रित
रायपुर। दिवाली के मौके पर छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए खुशखबरी है। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने भर्ती का नया अवसर दिया है। मंडल ने स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर के 10 अलग-अलग पदों पर कुल 1,703 रिक्तियों के लिए आनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।
इस भर्ती में सबसे ज्यादा अवसर सहायक ग्रेड-3 के पदों पर हैं। इसके लिए 1,206 पद निर्धारित किए गए हैं। वहीं, सहायक उप निरीक्षक के 319 पदों पर भी भर्ती होगी। आवेदन की प्रक्रिया पांच नवंबर से शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी 27 नवंबर 2026 को शाम पांच बजे तक आनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यदि फॉर्म में कोई गलती हो तो सुधार कर सकते हैं।
त्रुटि सुधार के लिए 28 से 30 नवंबर तक का समय दिया गया है। लिखित परीक्षा का आयोजन 10 जनवरी 2027 को होगा। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक रहेगा। राज्य के पांचों संभागीय मुख्यालयों में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे।
पदों का विवरण
1,206 सहायक ग्रेड-3 और 319 सहायक उप निरीक्षक के पद शामिल
10 जनवरी को छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल कराएगा लिखित परीक्षा
लिपिकीय से लेकर तकनीकी और शोध पदों पर मौका
इस भर्ती की खास बात यह है कि इसमें लिपिकीय कार्य से लेकर तकनीकी और शोध से जुड़े पदों को भी शामिल किया गया है।
सहायक ग्रेड-3 और सहायक उप निरीक्षक के अलावा शोधलेखक हिंदी के 30, अंग्रेजी के तीन और विज्ञानी के 13 पद हैं। उप निरीक्षक (शोधलेखक सामान्य शाखा हिंदी) के 34, डाटा एंट्री आपरेटर के 25, स्टेनो टाइपिस्ट के 23 और पंजीयन लिपिक के 50 पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी।
अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र चार जनवरी 2027 को जारी किए जाने की संभावित तिथि तय की गई है। आवेदन भरने के दौरान हुई गलतियों में सुधार के लिए 28 से 30 नवंबर तक शाम पांच बजे तक का अवसर मिलेगा।
स्थानीय युवाओं को शुल्क वापसी की सुविधा
आवेदन शुल्क आनलाइन जमा करना होगा। हालांकि, छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने के बाद शासन के नियमानुसार परीक्षा शुल्क वापस किया जाएगा। यह राशि उसी बैंक खाते में लौटाई जाएगी, जिससे आवेदन शुल्क का भुगतान किया गया है।
भर्ती से संबंधित पदों की संख्या, पात्रता, आयु सीमा, परीक्षा प्रक्रिया और अन्य शर्तों की विस्तृत जानकारी कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट cgssb.cgstate.gov.in पर उपलब्ध है।
इसके साथ साथ छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी की तीनों कंपनियों में 38 प्रकार के पदों पर 1501 रिक्तियों के लिए की भर्ती प्रक्रिया शुरू
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी की तीनों कंपनियों में 38 प्रकार के पदों पर 1501 रिक्तियों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। इनमें द्वितीय श्रेणी के 195 और तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के 1306 पद शामिल हैं। विस्तृत भर्ती विज्ञापन पावर कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया गया है। सबसे अधिक 167 पद कनिष्ठ अभियंता इलेक्ट्रिकल और 609 पद डाटा एंट्री ऑपरेटर के हैं। डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद जनरेशन कंपनी में 95, ट्रांसमिशन में 64 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी में 450 हैं। भर्ती छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन, ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों के लिए होगी।
6 नवंबर ऑनलाइन आवेदन करने का मौका
ऑनलाइन आवेदन 6 नवंबर की रात 8 बजे से शुरू हो चुके हैं। अभ्यर्थी 26 नवंबर की रात 11:55 बजे तक आवेदन और शुल्क जमा कर सकेंगे। शुल्क नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या यूपीआई से जमा किया जा सकता है। तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों के लिए केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासी आवेदन कर सकेंगे। तीनों कंपनियों के साझा पदों के लिए आवेदन करने वालों को कंपनियों की प्राथमिकता का क्रम देना होगा।



