छठ महापर्व पर पत्थलगांव के घाटों में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, हजारों व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य
पूरन तालाब छठ घाट में उमड़ा जनसैलाब, दीपावली की तरह रोशनी से जगमगाए घाट; भोजपुरी समाज के साथ अन्य समाज के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
पत्थलगांव। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर रविवार की शाम पत्थलगांव में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। शहर के पूरन तालाब समेत अन्य छठ घाटों पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए और पूरे विधि-विधान के साथ अस्ताचलगामी सूर्य भगवान को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान छठी मैया के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
विदित हो कि पत्थलगांव में बड़े धूमधाम से छठ का पर्व मनाया जाता है। इस पर्व को मनाने के लिये समाज के सदस्यों द्वारा कुछ दिनों पूर्व से ही घाटों में तैयारियां की जाती है। प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी छठ पूजा का विशेष माहौल रहा। पूरन तालाब सहित किलकिला एवम पुरानी बस्ती के भरारी नाला में छठ व्रतियों के द्वारा सूर्य देव को अर्घ्य दिया गया। बड़ी संख्या में छठव्रती दोपहर से ही अपने पूरे परिवार एवं गाजे-बाजे के साथ छठघाट पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। इस दौरान घरों से लेकर घाटों तक भक्ति के गीत गूंजते रहे। वहीं पुलिस एवम प्रशासन भी लोगों की सुविधा एवम यातायात व्यवस्था को देखते हुवे घाटों में मुस्तैद नजर आई। यातायात व्यवस्था को देखते हुवे नगर में बड़ी वाहनों को प्रवेश बंद करा दिया था।
शहर के पूरन तालाब स्थित छठ घाट में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। यहां उमड़े जनसैलाब में भोजपुरी समाज के लोगों के साथ-साथ अन्य समाज के श्रद्धालुओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। सभी ने एक साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
छठ महापर्व को लेकर घाटों की आकर्षक सजावट की गई थी। छठ घाट दीपावली की तरह रोशनी से जगमगा उठे। चारों ओर रोशनी की जगमगाहट, सजावट और छठी मैया के मधुर गीतों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे की सुंदर झलक देखने को मिली। छठ महापर्व ने एक बार फिर पत्थलगांव में सामाजिक समरसता और लोक आस्था का संदेश दिया।







