प्यार, फरेब और फिर हत्या:- प्रेमी, पिता, भाई संग मिलकर पति को मार डाला, एक साल बाद DNA से खुला राज
शक न हो इसके लिये साल भर सोशल मीडिया में डालती रही पुरानी तस्वीर, साल भर बाद हुवा जघन्य साजिश का पर्दाफाश
पति-पत्नी के रिश्तों के बीच लगातार घटते अविश्वास और धोखे आए दिन जघन्य हत्याकांड का कारण बन रहे हैं। उत्तरप्रदेश के मेरठ में सामने आए मुस्कान नीला ड्रम कांड, और मध्यप्रदेश के इंदौर की सोनम रघुवंशी केस के बाद अब छत्तीसगढ़ में भी इनसे मिलता-जुलता जघन्य हत्याकांड सामने आया है। महासमुंद जिले में एक साल पहले हुआ ब्लाइंड मर्डर का रहस्य खुल गया, जहां पत्नी ने अपने प्रेमी, पिता और भाइयों के साथ मिलकर पति आकाश सिंह की हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
कोतवाली थाना से मिली जानकारी के अनुसार 29 सितंबर 2024 को घोड़ारी स्थित पुराना पुल के पास तालाब में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। युवक के सिर पर किसी ठोस वस्तु से वार किया गया था। शिनाख्त न होने से पुलिस के सामने यह पहेली बनी रही। पहचान नही होने के कारण शव को दफना दिया गया था। DNA रिपोर्ट से शव आकाश सिंह का पाया गया, आकाश रायपुर के खम्हारडीह का निवासी था। वहीं परिजनों ने तीन महीने बाद यानी 5 जनवरी 2025 को रायपुर के खम्हारडीह थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। शव का हुलिया आकाश से मेल खाता पाया गया। रायपुर पुलिस से समन्वय के बाद जांच तेज हुई और पूरा मामला सामने आया।
दरअसल मृतक के शरीर पर आकाश लिखा था और ईगल का टैटू था। मुखबिर ने बताया "उस नाम और ईगल के टैटू वाला व्यक्ति रायपुर का रहने वाला है।" जिसके बाद महासमुंद पुलिस ने रायपुर पुलिस से संपर्क किया, परिजनों से संपर्क कर मामले की तस्दीक की गई। इसके बाद शव उत्खनन और दूसरी कार्रवाई की गई। जिसके बाद अज्ञात शव की पहचान आकाश सिंह के रूप में हुई। जिसकी हत्या कर शव को तालाब में फेंक दिया गया था। थाना सिटी कोतवाली में हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, आकाश की पत्नी लवली पहले अभिनव सिंह के साथ करीब 5 साल तक लिव-इन रिलेशनशिप में थी। आकाश और अभिनव दोस्त थे, लेकिन आकाश और लवली की नजदीकियां बढ़ीं और अगस्त 2024 में दोनों ने भागकर शादी कर ली। वहीं अभिनव लवली के घर का खर्च भी उठाता था। इससे अभिनव आक्रोशित हो गया। इस बीच अभिनव धोखा और बदले की आग में जलने लगा। लवली के परिजन भी अभिनव के साथ थे, क्योंकि वह लवली के नाम से फ्लैट और उसके परिवार का खर्च उठाता था।
25 सितंबर 2024 को लवली के पिता ने आकाश और लवली को अभिनव के घर बुलाया। वहां पर विवाद हुआ और अभिनव, लवली के पिता अभिलाख, और भाई गौरव व वीरू ने आकाश को पीट-पीटकर मार डाला। हत्या के बाद शव को स्कूटी पर लादकर घोड़ारी तालाब में फेंक दिया गया।
हत्या के बाद शक न हो, इसके लिए लवली ने बेहद चालाकी दिखाई। वह आकाश का सामान समेटकर पिता और भाइयों के साथ यूपी के जालौन चली गई। वहीं सोशल मीडिया पर आकाश के साथ पुरानी तस्वीरें डालती रही, ताकि सबको लगे कि पति-पत्नी साथ हैं। एक साल तक यह राज दबा रहा, लेकिन पुलिस की गहन जांच ने आखिरकार इस जघन्य साजिश का पर्दाफाश कर दिया और सभी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
इस मामले में महासमुंद पुलिस ने लवली सिंह, अभिनव सिंह, अभिलाख सिंह, गौरव और वीरू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या की धारा 103 ए और साक्ष्य छिपाने की धारा 238 और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है। सभी को जेल भेज दिया गया है।





