मार्च का महीना छत्तीसगढ़ के सरकारी कर्मचारियों और स्कूली बच्चों के लिए लाया खुशियों की सौगात
मार्च के महीने में बैंकों व दफ्तरों में छुट्टियों की भरमार, इस माह 14 दिनों की मिल रही छुट्टी
मार्च का महीना शुरू हो चुका है। इस महीने कई त्योहार पड़ रहे हैं। इनमें होली, ईद, महावीर जयंती और राम नवमी शामिल है। इस कारण मार्च के महीने में बैंकों में छुट्टियों की भरमार है। शनिवार और रविवार को भी मिला लिया जाए तो इस महीने में कुल 18 दिन बैंक बंद रहेंगे। हालांकि ये छुट्टियां अलग-अलग शहरों के हिसाब से है। ऐसे में ग्राहकों को सलाह दी जाती है कि वे ब्रांच जाने से पहले एक बार छुट्टियों की लिस्ट जरूर देख लें ताकि असुविधा से बचा जा सके।
वहीं मार्च का महीना छत्तीसगढ़ के सरकारी कर्मचारियों और स्कूली बच्चों के लिए खुशियों की सौगात लेकर आया है। क्योंकि मार्च में शनिवार-रविवार की नौ छुट्टियों के अलावा छह त्यौहारों की छुट्टियां हैं, हालांकि इनमें से एक छुट्टी शनिवार में शामिल है। अगर आप भी लंबे समय से परिवार के साथ कहीं बाहर घूमने या दोस्तों के साथ पिकनिक का प्लान बना रहे थे, तो अब कैलेंडर चेक करने का सही वक्त आ गया है। इस महीने सूबे में छुट्टियों का ऐसा जबरदस्त संयोग बन रहा है कि दफ्तरों में आधे महीने के करीब ताला लटका रहेगा।
इस महीने की सबसे खास बात यह है कि कुल 31 दिनों में से केवल 17 दिन ही कामकाज होगा, जबकि बाकी 14 दिन छुट्टियां रहने वाली हैं। इसकी शुरुआत 4 मार्च को होली के रंगारंग त्योहार से हो रही है, जिसके लिए शासन ने पहले ही अवकाश घोषित कर रखा है। इसके बाद 21 मार्च को ईद-उल-फितर की रौनक रहेगी और महीने के अंत में यानी 31 मार्च को महावीर जयंती पर सरकारी संस्थानों में छुट्टी रहेगी। सिर्फ इतना ही नहीं, 27 मार्च को रामनवमी के अवसर पर स्थानीय अवकाश की घोषणा ने इस लिस्ट को और भी राहत भरा बना दिया है। इन तारीखों पर प्रदेश के तमाम स्कूल, कॉलेज, बैंक और सरकारी कार्यालय पूरी तरह बंद रहेंगे, जिससे लोगों को भागदौड़ भरी जिंदगी से सुकून के पल मिलेंगे।
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा जारी कैलेंडर के अनुसार इस साल कर्मचारियों को 107 दिनों की छुट्टियां मिलेगी। पब्लिक और ऑप्शनल छुट्टियों की लिस्ट गजट में पब्लिश कर दिया गया है। सरकारी ऑर्डर के मुताबिक, इस साल18 पब्लिक हॉलिडे, 28 जनरल हॉलिडे (शनिवार और रविवार को छोड़कर) और 61 ऑप्शनल हॉलिडे शामिल हैं।
इस छुट्टियों के सीजन का सबसे बड़ा असर आम नागरिक की जेब और समय पर पड़ेगा। जहां एक तरफ सरकारी कर्मचारियों को परिवार के साथ बिताने के लिए पर्याप्त समय मिलेगा, वहीं आम लोगों को अपने सरकारी काम या बैंक संबंधी ट्रांजेक्शन के लिए पहले से प्लानिंग करनी होगी। मार्च क्लोजिंग का समय होने के कारण छुट्टियों की वजह से आखिरी दिनों में बैंकों और टैक्स ऑफिसों में भारी भीड़ उमड़ सकती है। स्थानीय बाजारों में त्योहारों की वजह से रौनक बढ़ेगी, जिससे व्यापार को तो गति मिलेगी लेकिन सरकारी सेवाओं के लिए जनता को थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है।



