राज्यपाल रमेन डेका की पहल पर जशपुर जिले में ‘लैब ऑन व्हील्स’ एम्बुलेंस की मिलेगी सुविधा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ में 370 नई एम्बुलेंस को दिखाई हरी झंडी
रायपुर। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष राज्यपाल रमेन डेका की उपस्थिति में आज लोक भवन, में एनएमडीसी लिमिटेड और छत्तीसगढ़ रेड क्रॉस सोसाइटी के बीच ‘लैब ऑन व्हील्स’ एम्बुलेंस उपलब्ध कराने के लिए मेमोरेंडम ऑफ एग्रीमेंट (एमओए) पर हस्ताक्षर किए गए। यह पहल कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के अंतर्गत जशपुर जिले के दूरस्थ और वंचित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से की गई है।
इस परियोजना के तहत एक अत्याधुनिक मोबाइल लैब एम्बुलेंस जशपुर जिले के लिए उपलब्ध कराई जाएगी, जिसकी अनुमानित लागत 1 करोड़ 16 लाख 82 हजार रुपये है। इस मोबाइल प्रयोगशाला के माध्यम से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में लोगों को विभिन्न जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे समय पर निदान और उपचार सुनिश्चित हो सकेगा।
मेमोरेंडम आफ एग्रीमेंट एनएमडीसी लिमिटेड, छत्तीसगढ़ रेड क्रॉस सोसाइटी और रेड क्रॉस जशपुर शाखा के बीच किया गया। इस पहल का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाना और जरूरतमंद लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
राज्यपाल रमेन डेका ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ‘लैब ऑन व्हील्स’ जैसी सुविधाएं विशेष रूप से आदिवासी और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल से जरूरतमंद लोगों को समय पर जांच और उपचार उपलब्ध होगा, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार आएगा। इस अवसर पर संबंधित अधिकारियों एवं रेड क्रॉस सोसाइटी के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ में 370 नई एम्बुलेंस को दिखाई हरी झंडी
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को तीन सौ ‘बेसिक लाइफ सपोर्ट (बीएलएस)’ और 70 ‘एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (एएलएस)’ एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर राज्य के सभी जिलों के लिए रवाना किया।
उन्होंने बताया कि आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में आज एक ऐतिहासिक पहल की गई तथा साय ने तीन सौ बीएलएस और 70 एएलएस एम्बुलेंस को आज हरी झंडी दिखाकर प्रदेश के सभी जिलों के लिए रवाना किया।
अधिकारियों के अनुसार इसके साथ ही एम्बुलेंस की सभी 108 सेवाएं प्रदेशभर में तत्काल प्रभाव से शुरू हो गई हैं, फलस्वरूप आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सहायता सुनिश्चित होगी।
उन्होंने बताया कि इस पहल के अंतर्गत पहली बार प्रदेश में पांच ‘नियोनेटल एएलएस’ एम्बुलेंस की शुरुआत की गई है, जो नवजात शिशुओं की आपातकालीन देखभाल के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित होगी।



