छत्तीसगढ़ सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीनियर IPS अधिकारी रतनलाल डांगी को किया तत्काल प्रभाव से निलंबित
पद के प्रभाव का दुरुपयोग करने और स्थापित सामाजिक मानकों का उल्लंघन करने का लगा आरोप
छत्तीसगढ़ सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीनियर IPS अधिकारी रतनलाल डांगी के खिलाफ कार्रवाई की है। रतनलाल डांगी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले SI की पत्नी ने डांगी पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाया था। इसी मामले में यह कार्रवाई की गई है। उनके खिलाफ विभागीय जांच लंबित होने के कारण यह कार्रवाई की गई है। गुरुवार को शासन के गृह (पुलिस) विभाग ने निलंबन का आदेश जारी किया है।
प्रारंभिक तौर पर यह पाया गया है कि IPS रतन लाल डांगी ने अपने पद की गरिमा के अनुरूप आचरण नहीं किया और ऐसा व्यवहार किया जो नैतिकता और सेवा नियमों के खिलाफ है। उन पर पद के प्रभाव का दुरुपयोग करने और स्थापित सामाजिक मानकों का उल्लंघन करने के आरोप भी लगे हैं।
आदेश में कहा गया है कि सोशल मीडिया में आपत्तिजनक फोटो वायरल होने से पुलिस विभाग की छवि पर नकारात्मक असर पड़ा। इस आधार पर उनके खिलाफ अखिल भारतीय सेवा (आचरण) नियम 1968 के तहत कार्रवाई प्रस्तावित की गई है। फिलहाल IPS रतन लाल डांगी को निलंबित कर विभागीय जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
निलंबन अवधि के दौरान रतन लाल डांगी का मुख्यालय पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर निर्धारित किया गया है। जारी आदेश के अनुसार निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। साथ ही सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना वे मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। शासन की इस कार्रवाई को प्रशासनिक अनुशासन बनाए रखने की दिशा में सख्त कदम माना जा रहा है।
राज्य पुलिस अकादमी चंदखुरी के निदेशक और वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी रतनलाल डांगी पर सब-इंस्पेक्टर की पत्नी ने उत्पीड़न और शारीरिक शोषण का गंभीर आरोप लगाया है। अपने शिकायती पत्र में महिला का दावा है कि पिछले 7 साल से उसका शारीरिक और मानसिक शोषण किया जा रहा है। जिसमें आईजी द्वारा दबाव बनाकर घर और अन्य स्थानों में बुलाने, योग सिखाने के बहाने उत्पीड़न करने, फोटोग्राफ, फोन की टाइमिंग और वीडियो सहित अन्य दस्तावेज भी इसका साक्ष्य उसके पास है।



