जशपुर जिले के पूर्व भाजपा विधायक व सरहुल समिति के अध्यक्ष जागेश्वर राम भगत का रविवार को हुवा निधन
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर के पूर्व विधायक जगेश्वर राम भगत के निधन पर जताया शोक
जशपुर। जशपुर जिले से राजनीतिक जगत के लिए दुखद खबर सामने आई है, जहां पूर्व भाजपा विधायक जागेश्वर राम भगत का रविवार को निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
जागेश्वर राम भगत न केवल राजनीति में सक्रिय रहे, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। वे वनवासी कल्याण आश्रम की सरहुल समिति के अध्यक्ष के रूप में भी कार्यरत थे और आदिवासी समाज के उत्थान एवं सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण के लिए लगातार प्रयास करते रहे। उनके निधन से क्षेत्र में एक अनुभवी और लोकप्रिय जननेता की कमी महसूस की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने किया शोक व्यक्त
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर के पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ समाजसेवी जगेश्वर राम भगत के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा है कि स्वर्गीय भगत का जीवन समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान, सेवा और जनकल्याण के कार्यों के लिए पूर्णतः समर्पित रहा। वे वनवासी कल्याण आश्रम के समर्पित कार्यकर्ता थे। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में सदैव जनहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया। मुख्यमंत्री साय ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए ईश्वर से शोक संतप्त परिजनों को इस दुःख की घड़ी में संबल और धैर्य प्रदान करने की कामना की है।



