पत्थलगांव में भाजपा नेत्री पति से साइबर ठगी का आया मामला, यूपीआई के जरिए खाते से ₹3.82 लाख पार
पत्थलगांव। पत्थलगांव थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है। भाजपा के महिला नेत्री के पति के खाते से करीब 3.82 लाख रुपये को साइबर ठगो ने चंपत कर दिया है। दरअसल, पत्थलगांव नगर पालिका के अंबेडकर नगर वार्ड क्रमांक 4 निवासी वीरेन्द्र नाथ विश्वास ने थाना पत्थलगांव में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने यूपीआई ट्रांजेक्शन के माध्यम से उनके दो बैंक खातों से कुल 3 लाख 82 हजार 937 रुपये निकाल लिए। शिकायत के अनुसार, भारतीय स्टेट बैंक पत्थलगांव शाखा के खाते से 14 जुलाई 2026 को 85,025 रुपये तथा बैंक ऑफ बड़ौदा पत्थलगांव शाखा के खाते से क्रमशः 98,512 रुपये, 99,900 रुपये और 99,500 रुपये की राशि अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए निकाल ली गई। पीड़ित का आरोप है कि यह रकम किसी अज्ञात व्यक्ति ने यूपीआई के माध्यम से धोखाधड़ी कर निकाली, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा ठगी गई राशि वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।




