एलपीजी गैस कनेक्शन धारियों के लिये e-KYC कराने का अंतिम मौका, समय रहते कराये e-KYC
नही तो कनेक्शन हो सकता है बंद, गैस एजेंसियों ने उपभोक्ताओं से जल्द प्रक्रिया पूरी करने की करी अपील
रायपुर। घरेलू LPG सिलेंडर उपभोक्ताओं के लिए बड़ी काम की खबर है। रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी कराने की अंतिम तारीख 30 अगस्त निर्धारित की गई है। 30 अगस्त 2026 की तारीख तक e-KYC नहीं करवाते हैं तो आपका गैस कनेक्शन बंद हो सकता है, तो इसे जल्द पूरा करना जरूरी है। जब तक e-KYC पूरी नहीं हो जाती, तब तक सिलेंडर रिफिल की बुकिंग या डिलीवरी रिसीव नहीं की जा सकेगी। वहीं गैस एजेंसियों ने उपभोक्ताओं से जल्द प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।
बुकिंग प्रभावित होने की आशंका
ई-केवाईसी पूरी नहीं होने पर उपभोक्ताओं को रिफिल सिलेंडर की बुकिंग और आपूर्ति में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। जरूरत के समय सिलेंडर नहीं मिलने से घरेलू व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। यही वजह है कि अंतिम तिथि नजदीक आने के साथ गैस एजेंसियों में ई-केवाईसी कराने वाले उपभोक्ताओं की संख्या बढ़ रही है।
संदिग्ध और निष्क्रिय कनेक्शनों की पहचान
ई-केवाईसी का उद्देश्य गैस कनेक्शनों का वास्तविक सत्यापन करना और यह सुनिश्चित करना है कि कनेक्शन का इस्तेमाल वास्तविक उपभोक्ता ही कर रहा है। इसके माध्यम से रिकॉर्ड में दर्ज उपभोक्ताओं की मौजूदा स्थिति की जानकारी भी अपडेट की जा सकेगी। ई-केवाईसी के बाद ऐसे निष्क्रिय या संदिग्ध कनेक्शनों की पहचान कर रिकॉर्ड को व्यवस्थित किया जा सकेगा।
घर बैठे ऐसे करें e-KYC
गैस उपभोक्ता मोबाइल एप के जरिए घर बैठे e-KYC की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके लिए अपनी गैस कंपनी के अधिकृत मोबाइल एप पर लॉगिन करना होगा। इंडेन के लिए IndianOil ONE जैसे आधिकारिक एप का इस्तेमाल किया जा सकता है। एप में LPG e-KYC या Aadhaar Authentication का विकल्प चुनकर निर्देशों के अनुसार फेस ऑथेंटिकेशन पूरा किया जा सकता है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद e-KYC सफल होने का कन्फर्मेशन मिल जाता है। अगर मोबाइल से e-KYC नहीं हो पा रही है तो उपभोक्ता अपनी गैस एजेंसी पर जाकर भी इसे पूरा करा सकते हैं। इसके अलावा कई मामलों में सिलेंडर की डिलीवरी के दौरान डिलीवरी कर्मचारी के माध्यम से भी बायोमेट्रिक अथवा एप आधारित सत्यापन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
अगर e-KYC नहीं कराया तो क्या होगा?
अगर ई-केवाईसी लंबित रहती है तो कनेक्शन पर अस्थायी रोक लग सकती है और घरेलू कीमत पर सिलेंडर लेने में दिक्कत आ सकती है। लेकिन कनेक्शन स्थायी रूप से खत्म नहीं होगा। e-KYC पूरी करने के बाद इसे दोबारा नियमित कराया जा सकता है। किसी अनजान लिंक पर आधार या OTP साझा न करें। जानकारी के लिए केवल अपनी गैस कंपनी के आधिकारिक ऐप, वेबसाइट या ग्राहक सेवा का इस्तेमाल करें।



